Mumbai rains : मुंबई में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात भारी बारिश हुई, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया।अंधेरी सबवे भारी बारिश से प्रभावित हुआ और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के इलाकों सहित कई इलाकों में पानी भर गया। भारी बारिश के कारण वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भी भीषण ट्रैफिक जाम लग गया।
Highlight :
- मुंबई में भारी बारिश से हालात गंभीर
- जलभराव और ट्रैफिक जाम की बनीं स्थिति
- अगले 3 से 4 घंटों के लिए कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी
मुंबई में भारी बारिश से हालात गंभीर
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को अगले 3 से 4 घंटों के लिए रायगढ़ और ठाणे जिलों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी मुंबई ने रविवार की सुबह कहा, अगले 3-4 घंटों के दौरान रायगढ़ और ठाणे जिलों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इससे पहले, मुंबई के नागरिक अधिकारियों ने निवासियों से अनुरोध किया था कि जब तक आवश्यक न हो, वे बाहर न निकलें क्योंकि आईएमडी ने शहर के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
बृहन्मुंबई नगर निगम ने शनिवार को एक बयान में कहा, आईएमडी ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों से अनुरोध है कि जब तक आवश्यक न हो, वे बाहर न निकलें। महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था।
मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश
शनिवार की सुबह मुंबई के कई हिस्सों में बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव और यातायात जाम हो गया। शहर में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है। आईएमडी के अनुसार, मुंबई में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App




