प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा प्रधानमंत्री पद ग्रहण करने से पहले नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और जनता का आभार व्यक्त करेंगे। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोदी सुबह सवा नौ बजे के बाद बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहां उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई वरिष्ठ नेता उनकी आगवानी करेंगे।
नरेंद्र मोदी काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ अपनी ‘आभार यात्रा’ की शुरुआत करेंगे। विधिविधान से पूजन कर वह बड़ा लालपुर स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल जाएंगे, जहां उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह में पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित कर उनका आभार व्यक्त करेंगे।

इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, प्रदेश के कई मंत्री समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। 17वीं लोकसभा चुनाव में भाजपा एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में करीब तीन घंटे रहेंगे।
इस दौरान पुलिस लाइन से काशी विश्वनाथ मंदिर तक की सड़क यात्रा के दौरान उनके जोरदार स्वागत की तैयारियां की गई हैं। दूसरी बार भारी मतों से वाराणसी से जीत का कीर्तिमान स्थापित करने के बाद यहां की जनता का आभार व्यक्त करने आ रहे मोदी का फूलों की बारिश कर जगह- जगह स्वागत की तैयारी की गई हैं।
वही, काशी विश्वनाथ मंदिर को विशेष तरीके सजाया गया हैं। अधिकारिक सू्त्रों ने बताया कि नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों के मद्देनजर सुरक्षा के चाकचौबंद इंतजाम किए गए हैं। उनके दौरे के मद्देनजर सड़क से यात्रा के दौरान पूर्वाह्न साढ़ नौ बजे से अपराह्न करीब दो बजे के दौरान अलग-अलग समय पर आंशिक रुप से यातायात पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि मोदी का रोड शो का कार्यक्रम नहीं है, लेकिन उनके स्वागत की तैयारियों एवं लोगों के उत्साह से लगता है कि उनकी सड़क मार्ग की यात्रा काफी धीमी रफ्तार वाली हो सकती है।


Download Android App
Download iOS App



