नौसेना में शामिल होंगे 3,300 से अधिक अग्निवीर व नाविक, होगी पासिंग आउट परेड

Summary :

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना को जल्द ही 3,300 से अधिक नए अग्निवीर और नाविक मिलने जा रहे हैं। ओडिशा स्थित आईएनएस चिल्का में 13 नवंबर को नौसेना के अग्निवीरों और भारतीय तटरक्षक बल के नाविकों की पासिंग आउट परेड आयोजित की जाएगी। नौसेना के मुताबिक यह आईएनएस चिल्का से प्रशिक्षण पूरा करने वाले अब तक के सबसे बड़े अग्निवीर बैच की परेड होगी। इसमें नौसेना के नौवें बैच के अग्निवीर शामिल होंगे। नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन इस परेड के मुख्य अतिथि और निरीक्षण अधिकारी होंगे। इस अवसर पर 16 सप्ताह का शुरुआती सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने…

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना को जल्द ही 3,300 से अधिक नए अग्निवीर और नाविक मिलने जा रहे हैं। ओडिशा स्थित आईएनएस चिल्का में 13 नवंबर को नौसेना के अग्निवीरों और भारतीय तटरक्षक बल के नाविकों की पासिंग आउट परेड आयोजित की जाएगी।

नौसेना के मुताबिक यह आईएनएस चिल्का से प्रशिक्षण पूरा करने वाले अब तक के सबसे बड़े अग्निवीर बैच की परेड होगी। इसमें नौसेना के नौवें बैच के अग्निवीर शामिल होंगे।

नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन इस परेड के मुख्य अतिथि और निरीक्षण अधिकारी होंगे। इस अवसर पर 16 सप्ताह का शुरुआती सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने वाले 3,300 से अधिक प्रशिक्षु औपचारिक रूप से अपनी प्रशिक्षण यात्रा पूरी करेंगे। इसके साथ ही उनके सैन्य जीवन की एक नई शुरुआत होगी।

भारतीय नौसेना के मुताबिक, इस बैच के प्रशिक्षुओं को 16 सप्ताह तक कठिन प्रशिक्षण दिया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं को अनुशासित, शारीरिक रूप से चुस्त, मानसिक रूप से मजबूत और पेशेवर रूप से सक्षम समुद्री योद्धा बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान पढ़ाई के साथ शारीरिक व्यायाम, तैराकी, परेड, बाहरी गतिविधियों और शिविरों को शामिल किया गया। प्रशिक्षुओं को केवल सैन्य कौशल ही नहीं सिखाए गए, बल्कि उनके व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता को भी निखारा गया।

प्रशिक्षण में अनुशासन, आपसी सहयोग, टीम भावना और जिम्मेदारी पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही नौसेना के तीन मूल्यों कर्तव्य, सम्मान और साहस को उनके जीवन का हिस्सा बनाने पर ध्यान दिया गया। यह परेड प्रशिक्षुओं के लिए गर्व और उपलब्धि का खास अवसर होगी।

6 सप्ताह की कठिन ट्रेनिंग के बाद वे अपने परिवारों के सामने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेंगे। उनके परिवार भी इस महत्वपूर्ण पल के साक्षी बनेंगे। समारोह में नौसेना के पूर्व सैनिक और कई विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहेंगे।

दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं, सर्वश्रेष्ठ डिवीजन और सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक को सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में प्रशिक्षुओं की द्विभाषी पत्रिका ‘अंकुर’ का भी विमोचन होगा। देशभर के लोग इस ऐतिहासिक परेड को देख सकेंगे। भारतीय नौसेना अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर इसका सीधा प्रसारण करेगी।

–आईएएनएस

जीसीबी/एएसएच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.