गाजियाबाद में एनडीआरएफ की 8वीं बटालियन को आपदा प्रबंधन में उसके उल्लेखनीय काम के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। गृह मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि बटालियन को एक प्रमाणपत्र और 51 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
यह पुरस्कार नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सम्मान में शुरू किया गया है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 8वीं बटालियन की स्थापना 2006 में हुई और इसकी जिम्मेदारी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा की है। यह बचाव कार्य में विशेषज्ञ बटालियन है।
बटालियन ने 314 बड़े अभियानों में भाग लिया और 50,000 से अधिक लोगों को बचाया। केरल में गत वर्ष आई विध्वंसकारी बाढ़ में बटालियन ने 5,338 पीड़ितों को बचाया और 24,000 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। एनडीआरएफ की इस बटालियन ने लेह में बादल फटने की घटना (2011), केदारनाथ बाढ़ (2013), चक्रवात हुदहुद (2014) चेन्नई बाढ़ (2015) और त्रिपुरा बाढ़ (2018) में भी बचाव अभियान में भाग लिया था। बयान के अनुसार, इस बटालियन ने साल 2010 में दिल्ली के मायापुरी में रेडिएशन घटना के दौरान भी प्रभावी रूप से काम किया था।


Download Android App
Download iOS App



