झारखंड के धनबाद में एक नवविवाहित जोड़े ने परिजनों का सहयोग न मिलने पर ट्रेन के आगे कूदकर जान देने की कोशिश की। पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है।
झारखंड के धनबाद में गुरुवार दोपहर एक दंपती ने चलती ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बताया गया है कि प्रेम विवाह करने वाले इस युवा युगल ने अपने परिजनों का सहयोग न मिलने से व्यथित होकर यह कदम उठाया। मृत महिला का नाम जया मोदी है, जबकि उसके पति का नाम अमित बाउरी है। अमित बाउरी धनबाद जिले के पुटकी थाना अंतर्गत बाउरी टोला का निवासी है। उससे प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार अमित और जया ने कुछ दिन पहले अपने-अपने परिवार वालों की सहमति के बगैर प्रेम विवाह किया था। उन्हें उम्मीद थी कि शादी के बाद घरवाले उन्हें अपना लेंगे, लेकिन दोनों परिवारों ने उनके रिश्ते को रजामंदी देने से इनकार कर दिया।
नवविवाहित जोड़े ने ट्रेन के सामने लगाई छलांग
अमित ने पुलिस को बताया है कि परिवार वालों के असहयोग की वजह से उन्हें कोई रास्ता नहीं नजर आ रहा था, इसलिए दोनों ने एक साथ ट्रेन के आगे कूदकर जान देने का फैसला किया था। गुरुवार को दोनों पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत करकेंद रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे और गोमो-खड़गपुर सवारी ट्रेन के आगे कूद गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुटकी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
घटना में पति की हालत गंभीर
मृतका का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जख्मी अमित का रो-रोकर बुरा हाल है। उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने अस्वाभाविक मौत (यूडी) का केस दर्ज किया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों परिवार के लोगों से भी इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



