नयी दिल्ली : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने विध्वंसक गतिविधियों में कथित संलिप्तता एवं लश्कर ए तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद से फंड प्राप्त करने के आरोप में सैयद अली शाह गिलानी समेत कश्मीर के कट्टरपंथी अलगाववादी नेताओं के खिलाफ प्रारंभिक जांच (पीई) दर्ज की है।
एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि पीई में जिन अन्य लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं, उनमें नईम खान, फारूक अहमद डार उर्फ ‘बिट्टा कराटे’ और तहरीक ए हुर्रियत के गाजी जावेद बाबा शामिल हैं। नईम खान को टीवी पर एक स्टिंग ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूहों से धन प्राप्त करने की बात कथित रूप से स्वीकार करते देखा गया था।
प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अलगाववादी सुरक्षा बलों पर पथराव करने, जन सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने और स्कूलों एवं अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में आग लगाने समेत कश्मीर घाटी में विध्वंसक गतिविधियां करने के लिए पाकिस्तान स्थित लश्कर ए तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद से फंड प्राप्त कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कश्मीर घाटी में सक्रिय अलगाववादी समूहों के नेताओं एवं एक टीवी रिपोर्टर के बीच बातचीत की रिकॉर्डिंग संबंधी समाचार का भी संज्ञान लिया गया है।
(भाषा)


Download Android App
Download iOS App



