देश के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी के मुंबई में घर के बाहर मिले विस्फोट से भरी कार मामले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) करेगी। इस मामले में यह एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है, महाराष्ट्र सरकार के आधिकारिक सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। अभी तक इस मामले की जांच महाराष्ट्र एटीएस कर रही थी। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की जांच एनआईए से कराने की मांग की थी।
हालांकि, इसे राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने खारिज कर दिया था। दक्षिण मुंबई में अंबानी के बहुमंजिला घर एंटीलिया के पास 25 फरवरी को जिलेटिन की 20 छड़ों के साथ एक स्कॉर्पियो कार पाई गई थी। पुलिस ने कहा था कि कार को एयरोली-मुलुंड पुल के पास से आठ फरवरी को चुराया गया। इसके बाद दावा किया गया था कि गाड़ी का मालिक हीरेन मनसुख है। शुक्रवार को वह मृत पाया गया था। हालांकि, बाद में महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने विधानसभा में कहा कि मनसुख कार का मालिक नहीं, बल्कि सैम मटन हैं।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने विधानसभा में कहा, ”कार के मालिक सैम मटन थे, जिन्होंने मनसुख को इंटीरियर का रखरखाव करने का काम दिया था। जब सैम ने इसके लिए भुगतान नहीं किया तो हिरेन ने यह कार अपने पास रख ली। इस मामले को एटीएस को सौंप दिया गया है।”वहीं, दूसरी तरफ देशमुख ने एनआईए से जांच करवाने की मांग को खारिज करते हुए कहा कि हिरेन मनसुख मामले की जांच ठाणे पुलिस कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



