सरकार ने गुरुवार को राज्यसभा में कहा कि कोविड के कारण केंद्र के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने की जरूरत नहीं है। कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उनसे सवाल किया गया था कि क्या उन युवाओं के लिए अधिकतम आयुसीमा में दो साल की वृद्धि करने पर विचार कर रही है जो केंद्र व राज्य की विभिन्न नौकरियों के लिए प्रयास कर रहे हैं लेकिन कोविड-19 महामारी और लॉकडाउन के कारण अपना मौका खो दिया।
सिंह ने इसके जवाब में कहा कि केंद्र सरकार के पदों पर भर्ती के लिए संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) जैसी भर्ती एजसियां कोविड सुरक्षा प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित तरीके से परीक्षाओं के संचालन के लिए जरूरी प्रबंध करती रही है। उन्होंने कहा कि पिछले साल चार अक्टूबर को सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा का संचालन करते समय यूपीएससी ने उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में परिवर्तन करने का भी विकल्प दिया था ताकि जो उम्मीदवार कोविड के दौरान या उससे पहले दूसरे स्थानों पर चले गए थे, वे भी परीक्षा में शामिल हो सकें।
इस प्रकार महामारी व लॉकडाउन के कारण केंद्र सरकार के तहत विभिन्न श्रेणियों वाले पदों के लिए भर्ती की खातिर अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने की जरूरत महसूस नहीं हुई। सिंह ने कहा कि जहां तक राज्य सरकार में नौकरियों की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अधिकतम आयुसीमा दो साल तक तक बढ़ाने का संबंध है, इस बारे में संबंधित राज्य सरकार को फैसला करना है।


Download Android App
Download iOS App



