नोएडा: हर्षित भट्ट की मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज

Summary :

नोएडा, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा में एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र हर्षित भट्ट की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। यह मामला थाना सेक्टर-126 क्षेत्र का है, जहां मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर हर्षित के साथ मौजूद तीन अन्य छात्रों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना सेक्टर-94 स्थित एक तालाबनुमा गड्ढे में हुई थी, जहां पानी भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि हर्षित भट्ट अपने तीन…

नोएडा, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा में एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र हर्षित भट्ट की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। यह मामला थाना सेक्टर-126 क्षेत्र का है, जहां मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर हर्षित के साथ मौजूद तीन अन्य छात्रों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना सेक्टर-94 स्थित एक तालाबनुमा गड्ढे में हुई थी, जहां पानी भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि हर्षित भट्ट अपने तीन दोस्तों के साथ वहां पहुंचे थे। इसी दौरान नहाने या पानी में उतरने के दौरान हर्षित डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही यह मामला संदिग्ध बना हुआ था और परिजन लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि इसके पीछे साजिश हो सकती है। उन्होंने हर्षित के साथ मौजूद छात्रों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके चलते पुलिस ने उनकी शिकायत को आधार बनाते हुए हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

परिजनों का कहना है कि घटना के वक्त मौजूद छात्रों के बयान और उनकी भूमिका की गहराई से जांच होनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शामिल तीनों छात्रों को जल्द ही बुलाकर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही घटनास्थल की जांच, सबूतों का संकलन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय वास्तव में क्या हुआ था और क्या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या साजिश शामिल थी। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

–आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.