नोएडा, 20 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-126 में आवागमन को बेहतर, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ क्षेत्र की खूबसूरती बढ़ाने के लिए नोएडा प्राधिकरण की ओर से महत्वपूर्ण विकास कार्य शुरू कराया जा रहा है। प्रमुख संस्थागत क्षेत्र के रूप में विकसित सेक्टर-126 में करीब 2.83 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 450 मीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी सड़क को आधुनिक मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस परियोजना को नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में आगे बढ़ाया जा रहा है। सेक्टर-126 में कई प्रतिष्ठित संस्थागत इकाइयां, शिक्षण संस्थान और विद्यालय संचालित हो रहे हैं। ऐसे में यहां रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, कर्मचारियों, संस्थानों से जुड़े लोगों और अन्य नागरिकों का आवागमन होता है।
सड़क पर यातायात के दबाव को देखते हुए इसे अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। मॉडल रोड के विकसित होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। प्राधिकरण के अनुसार, इस परियोजना पर 283.23 लाख रुपये, यानी करीब 2.83 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके तहत करीब 450 मीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी सड़क को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर व्यवस्थित फुटपाथ और नालियों का निर्माण किया जाएगा। इससे पैदल यात्रियों को सड़क पर चलने की जरूरत कम होगी और उन्हें सुरक्षित तथा सुविधाजनक आवागमन का रास्ता उपलब्ध कराया जा सकेगा।
फुटपाथ के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इसके लिए ग्रेनाइट स्टोन और टैक्टाइल टाइल्स लगाए जाने का प्रावधान किया गया है। टेक्टाइल टाइल्स विशेष रूप से पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपयोगी होंगी। इससे फुटपाथ न केवल आकर्षक दिखाई देंगे, बल्कि पैदल चलने वालों के लिए बेहतर और व्यवस्थित मार्ग भी उपलब्ध होगा। मॉडल रोड के दोनों तरफ नालियों के निर्माण से बारिश के दौरान पानी की निकासी व्यवस्था को भी बेहतर करने में मदद मिलेगी।
सड़क और फुटपाथ को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किए जाने से क्षेत्र की समग्र तस्वीर बदलने की उम्मीद है। संस्थागत क्षेत्र होने के कारण यहां आने वाले लोगों को आधुनिक और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अधिकारियों का कहना है कि विकास कार्य पूरा होने के बाद सेक्टर-126 में यातायात व्यवस्था, पैदल आवागमन और सड़क के आसपास के क्षेत्र के सौंदर्य में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। मॉडल रोड बनने से क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही, सड़क के व्यवस्थित विकास से सेक्टर-126 की पहचान एक बेहतर और आधुनिक संस्थागत क्षेत्र के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है।
–आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



