Delhi Mega Plantation Campaign 2026 : दिल्ली के हरित क्षेत्र को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए ‘दिल्ली मेगा पौधारोपण अभियान-2026’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सेंट्रल रिज स्थित पीबीजी ग्राउंड्स में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के पहले ही दिन 51 स्थानों पर 5 लाख पौधे लगाए गए हैं।
कार्यक्रम का नेतृत्व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने किया। मेगा पौधारोपण अभियान-2026 के तहत दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि हमारा संकल्प केवल पेड़ लगाना नहीं है, बल्कि दिल्ली के लोगों को इस अभियान से जोड़ना है। हम चाहते हैं कि प्रत्येक पेड़ जिम्मेदारी और स्नेह की भावना के साथ लगाया जाए, ठीक उसी तरह जैसे हम अपनी मां की देखभाल करते हैं।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सांसद, विधायक, निगम पार्षद और प्रत्येक मंडल के जमीनी स्तर के कार्यकर्ता एकजुट होकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश दिल्ली के हर मोहल्ले तक पहुंचा रहे हैं। मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में यह अभियान केवल 70 लाख पौधे लगाने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य प्रत्येक पौधे की सुरक्षा, जियो-टैगिंग और देखभाल की पूरी जिम्मेदारी सुनिश्चित करना है, ताकि दिल्ली का भविष्य अधिक हरित और टिकाऊ बन सके। उन्होंने सिविल सोसायटी संगठनों, आरडब्ल्यूए और पेशेवर संस्थाओं से भी इस हरित अभियान से निरंतर जुड़ने का आह्वान किया।
मंत्री सिरसा ने बताया कि इस अभियान से कई प्रमुख पेशेवर एवं नागरिक संगठनों को भी जोड़ा गया है। दिल्ली बार एसोसिएशन, दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन, विभिन्न क्लब, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, फिक्की सहित अनेक संस्थाएं अभियान से जुड़कर विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण अभियान में भाग ले रही हैं। मंत्री सिरसा ने बताया कि दिल्ली के विभिन्न इलाकों और मोहल्लों तक अभियान को पहुंचाने के लिए 13 ‘वृक्ष रथ’ तैनात किए गए हैं। इनके माध्यम से 58 हजार से अधिक लोगों को पौधारोपण गतिविधियों से जोड़ा गया है।
इसके अलावा सीआरपीएफ, बीएसएफ, स्कूलों और कॉलेजों सहित विभिन्न संस्थानों के माध्यम से 6 लाख से अधिक पौधे निःशुल्क वितरित किए गए हैं। सिरसा ने बताया कि अभियान के तहत 2,892 पर्यावरण रक्षकों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने पंजीकरण कराया है और उन्हें पौधारोपण, वृक्ष संरक्षण तथा यमुना के पुनरुद्धार से जुड़े दीर्घकालिक प्रयासों से जोड़ा जा रहा है।



Download Android App
Download iOS App




