नोएडा में सीएम योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित दौरा, तैयारियों का लेंगे जायजा

Summary :

नोएडा, 21 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रविवार को नोएडा दौरा प्रस्तावित है। इस दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है और सभी संबंधित विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा विशेष रूप से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और प्रधानमंत्री के आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 12 बजे के आसपास नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां वे एयरपोर्ट परियोजना से जुड़े कार्यों का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी…

नोएडा, 21 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रविवार को नोएडा दौरा प्रस्तावित है। इस दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है और सभी संबंधित विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा विशेष रूप से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और प्रधानमंत्री के आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 12 बजे के आसपास नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां वे एयरपोर्ट परियोजना से जुड़े कार्यों का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेंगे।

उल्लेखनीय है कि आगामी 28 मार्च को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करने वाले हैं, जिसके चलते तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की रूपरेखा, रैली स्थल, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेंगे। अधिकारियों की ओर से उन्हें रैली के लेआउट प्लान, जनसभा स्थल की तैयारियों और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी रणनीतियों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियों द्वारा तैयार किए गए विस्तृत सुरक्षा प्लान पर भी चर्चा की जाएगी।

इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए तीनों प्राधिकरण, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण, के साथ पुलिस कमिश्नरेट और जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हैं। सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे, ताकि प्रधानमंत्री के दौरे और एयरपोर्ट उद्घाटन कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

प्रशासन का लक्ष्य है कि इस कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों। मुख्यमंत्री का यह प्रस्तावित दौरा न केवल तैयारियों की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह आगामी 28 मार्च को होने वाले भव्य उद्घाटन समारोह की सफलता सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम भी माना जा रहा है।

–आईएएनएस

पीकेटी/डीसीएच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.