Daejeon factory fire South Korea: दक्षिण कोरिया के डेजॉन में एक कार पार्ट्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि 59 लोग गंभीर या मामूली रूप से घायल हुए हैं। दमकलकर्मी उन चार लोगों की तलाश कर रहे हैं, जो आग लगने के समय लापता हो गए थे। अधिकारियों के अनुसार, एक शव फैक्ट्री की दूसरी मंजिल पर मिला जबकि अन्य नौ शव तीसरी मंजिल पर पाए गए।
Daejeon factory fire South Korea: 170 कर्मचारी फंसे

शुक्रवार दोपहर 1:17 बजे आग लगने की सूचना मिलने के समय प्लांट के अंदर कुल 170 कर्मचारी मौजूद थे। आग की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय अग्निशमन एजेंसी ने राष्ट्रीय स्तर की फायरफाइटिंग मोबिलाइजेशन का आदेश जारी किया, जो तब दिया जाता है जब आग का स्तर स्थानीय प्रशासन की क्षमता से अधिक माना जाता है। संरचना के ढहने की आशंका के कारण दमकलकर्मी पहले अंदर प्रवेश नहीं कर पा रहे थे। साथ ही, इमारत के अंदर मौजूद 200 किलोग्राम सोडियम ने भी आग बुझाने के प्रयास को जटिल बना दिया, क्योंकि गलत तरीके से संभालने पर यह विस्फोट कर सकता था।
अधिकारियों ने दी जानकारी
अधिकारियों ने बताया कि विशेषज्ञों द्वारा इमारत में प्रवेश को सुरक्षित घोषित करने के बाद शुक्रवार रात 10:50 बजे से खोज अभियान शुरू किया गया। एक अधिकारी ने कहा कि दमकलकर्मी लापता लोगों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। अधिकारी ने कहा, “हम उन संरचनाओं को तोड़ने की योजना बना रहे हैं, जिनकी जांच पहले ही रेस्क्यू डॉग्स कर चुके हैं, ताकि बचावकर्मियों को तैनात किया जा सके और लापता लोगों की तलाश जारी रखी जा सके।”
Daejeon factory Fire South Korea: पीएम ने आपात निर्देश दिए

दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री किम मिन-सोक ने गृह मंत्रालय और अग्निशमन एजेंसी को आपात निर्देश दिए कि लोगों को बचाने और आग बुझाने के लिए सभी उपलब्ध उपकरणों और कर्मियों का उपयोग किया जाए। दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री ने डेजॉन महानगर प्रशासन और पुलिस को यातायात नियंत्रण और निकासी उपाय लागू कर आगे किसी भी नुकसान को रोकने का आदेश भी दिया।
यह भी पढ़ें: जंग के बीच सोने-चांदी का भाव हुआ क्रैश, 1.50 लाख पहुंचा Gold, जानें अपने शहर का ताजा रेट


Download Android App
Download iOS App




