नोएडा, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस को मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सेक्टर-58 की पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी और स्नेचिंग करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नेचिंग के विभिन्न कंपनियों के 17 मोबाइल फोन, 1500 रुपए नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतुरानन्द पाण्डेय उर्फ रोनी और जतिन सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर को थाना सेक्टर-58 पुलिस मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने जूबिलेंट पार्क के पास सेक्टर-58, नोएडा से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 17 मोबाइल फोन, 1500 रुपए नकद, चोरी की मोटरसाइकिल और जतिन सिंह के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे।
आरोपी बाइक से अचानक लोगों के पास पहुंचकर उनके मोबाइल फोन छीन लेते थे और फिर मौके से फरार हो जाते थे। दोनों दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि 5 अक्टूबर 2026 को उन्होंने सेक्टर-56 से आईफोन-15 और सेक्टर-62 से सैमसंग गैलेक्सी एस26 मोबाइल फोन छीना था। इन दोनों घटनाओं के संबंध में थाना सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बरामद किए गए 17 मोबाइल फोन के संबंध में भी आरोपियों से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि ये सभी मोबाइल फोन उन्होंने चोरी की इसी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न स्थानों से चोरी और स्नेचिंग किए थे।
आरोपियों ने बताया कि मोबाइल फोन बेचने के बाद मिलने वाली रकम को दोनों आपस में बांट लेते थे और उसका इस्तेमाल अपने व्यक्तिगत खर्चों तथा शौक-मौज में करते थे। गिरफ्तार आरोपी चतुरानन्द पाण्डेय उर्फ रोनी (करीब 23 वर्ष) मूल रूप से गोरखपुर के थाना काठगंगा क्षेत्र के गांव बांस का निवासी है। वर्तमान में वह सेक्टर-55 में रह रहा था। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-58 में वर्ष 2024 और 2025 में चोरी, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और आबकारी अधिनियम से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2026 में मोबाइल स्नेचिंग के दो मुकदमे और चोरी के सामान से संबंधित एक अन्य मुकदमा दर्ज है।
हरियाणा के पानीपत थाने में भी उसके खिलाफ वर्ष 2025 में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज है। वहीं, दूसरा आरोपी जतिन सिंह (करीब 26 वर्ष) गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी स्थित अनिल विहार का निवासी है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2026 में आबकारी अधिनियम, मोबाइल स्नेचिंग और चोरी के सामान से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पानीपत थाने में भी उसके खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज है।
थाना सेक्टर-58 में दर्ज एक अन्य मामले में उसके खिलाफ बीएनएस की धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से बरामद स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी चोरी की है। इसका संबंध हरियाणा के पानीपत थाने में दर्ज मुकदमे से है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। इस गिरफ्तारी से मोबाइल स्नैचिंग की कई घटनाओं के खुलासे के साथ चोरी के मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
–आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



