Odisha: उपद्रवियों ने बीजू पटनायक की प्रतिमा को लगाई आग, CM माझी ने की कड़ी निंदा

Summary :

दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बलांगीर जिले में पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की प्रतिमा को आग लगाने की घटना की कड़ी निंदा की है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है। बीजद ने भी इस घटना की निंदा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को बलांगीर जिले के पटनागढ़ क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की प्रतिमा को आग लगाने की घटना की कड़ी निंदा की। मंगलवार सुबह घटी इस घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा कि सीएम मोहन चरण माझी ने कहा है कि इस घटना में शामिल व्यक्ति घृणित और मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति रहा होगा। मुख्यमंत्री माझी ने जिला पुलिस को घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं।

Odisha: CM मोहन चरण माझी ने उड़िया नववर्ष पर राज्यवासियों को दी बधाई, विकास पर जोर

सीएमओ ने बताया, “इस घटना के सिलसिले में अब तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना के पीछे किसी साजिश के होने पर उसे सामने लाने के सख्त निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि राज्य सरकार ओडिशा के सभी महान सपूतों का सम्मान करने में विश्वास रखती है तथा उन्हें उचित सम्मान दिलाने के लिए सभी कदम उठाती है। बीजू बाबू के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की जयंती 5 मार्च को राज्य स्तर पर बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। हमने भी समारोह में भाग लिया और बीजू बाबू को याद किया। 17 अप्रैल को बीजू बाबू का पुण्यतिथि भी धूमधाम से मनाई जाएगी।

विपक्षी बीजू जनता दल ने भी मंगलवार को इस घटना की निंदा की और इसे जघन्य अपराध बताया, जिसने ओडिशा के गौरव और गरिमा को कलंकित किया है। पार्टी ने कहा कि बीजू बाबू ओडिया गौरव के प्रतीक हैं। बीजद नेता संजय दास बर्मा ने कहा कि बीजू पटनायक किसी पार्टी या समूह से संबंधित नहीं हैं, बल्कि वह ओडिशा के सबसे सम्मानित नेता हैं। बीजद नेता दास बर्मा ने कहा, “बीजू बाबू की प्रतिमा को जलाना न केवल एक जघन्य अपराध है, बल्कि एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना भी है, जिसने ओडिशा के स्वाभिमान और पहचान को झकझोर दिया है। बीजू बाबू की गौरवशाली स्मृति का अपमान करने वाली घटनाएं इस सरकार के कार्यकाल में बार-बार हो रही हैं। सरकार की चुप्पी रहस्यमय है। दिवंगत बीजू बाबू के इस अपमान ने राज्य के लोगों को बहुत आहत किया है।”

उन्होंने इस जघन्य एवं दुर्भाग्यपूर्ण कृत्य में शामिल सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बीजद ने मंगलवार को बलांगीर जिले के पटनागढ़ में दिग्गज नेता बीजू पटनायक की प्रतिमा को जलाने की घटना की निंदा करते हुए बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के मीडिया मामलों के प्रमुख और पूर्व मंत्री प्रताप जेना, उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्रा, राष्ट्रीय प्रवक्ता संतृप्त मिश्रा, मुख्य सचेतक प्रमिला मल्लिक और बड़ी संख्या में वरिष्ठ और युवा नेताओं सहित बीजद के वरिष्ठ नेता अपना विरोध दर्ज कराने के लिए भुवनेश्वर में बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बीजू पटनायक प्रतिमा के पास एकत्र हुए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.