युद्धविराम पर Nishikant Dubey बोले, ‘मुझे मोदी जी पर भरोसा है कि यह लड़ाई आखिरी होगी’

Summary :

निशिकांत दुबे का दावा: सीजफायर से बेनकाब होगा पाकिस्तान

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भारत-पाकिस्तान युद्धविराम पर कहा कि सीजफायर पाकिस्तान को बेनकाब करने का तरीका है। उन्होंने मोदी जी पर भरोसा जताया कि यह लड़ाई आखिरी होगी और पूरा कश्मीर हमारा होगा। दुबे ने पाकिस्तान की आलोचना करते हुए कहा कि आतंकवाद जारी रहेगा।

भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम के ऐलान पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि सीजफायर दुनिया के सामने पाकिस्तान को बेनकाब करने का एक जरिया मात्र है।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “यदि अखबार पर भरोसा किया जाए तो भारत में पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद युद्ध माना जाएगा। मुझे पाकिस्तान के बारे में पता है कि आतंकवाद चलता रहेगा। मुझे मोदी जी पर भरोसा है कि यह लड़ाई आखिरी होगी। पूरा कश्मीर मुजफ्फराबाद तक हमारा होगा। सीजफायर दुनिया के सामने पाकिस्तान को बेनकाब करने का एक जरिया मात्र है, तब बात नहीं रण होगा, संघर्ष महाभीषण होगा।”

इससे पहले उन्होंने सीजफायर उल्लंघन करने पर पाकिस्तान की आलोचना की थी। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा था, “कुत्ते की दुम और पाकिस्तान में कोई अंतर नहीं है।”

बता दें कि तीन दिनों तक चले संघर्ष के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच शनिवार को युद्धविराम हुआ था। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि शनिवार शाम पांच बजे से सीजफायर लागू हो गया है, लेकिन महज चार घंटे के अंदर ही पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया और सीमा पार से गोलीबारी शुरू की। साथ ही कई शहरों को ड्रोन के जरिए निशाना बनाया।

जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में शनिवार रात करीब आठ बजे तेज धमाके हुए और पाकिस्तान की ओर से ड्रोन आते दिखे। इसके साथ ही कई इलाकों में ब्लैकआउट कर दिया गया।

श्रीनगर, रियासी, कटरा, उधमपुर समेत कई जगहों पर तेज धमाके की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद ब्लैकआउट कर दिया गया। इसके साथ ही पंजाब के फिरोजपुर और होशियार में भी ब्लैकआउट कर दिया गया था।

इससे पहले भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ जारी लड़ाई को लेकर बड़ा फैसला लिया था। सरकार ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि भविष्य में कोई भी आतंकी घटना भारत के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई मानी जाएगी। हालांकि देर रात तक हमले रुक गए और सुबह सीमावर्ती इलाकों में लोग सड़क पर भी दिखे।

युद्ध के समय मौन की ताकत को पीएम मोदी से बेहतर कौन समझ सकता है : Vivek Agnihotri

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.