भोपाल : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोमवार को कहा कि पिछले पांच माह में अपनी सरकार का बहुमत चार बार साबित कर चुके हैं और एक बार फिर इसे साबित करने के लिये तैयार हैं। मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा द्वारा जारी बयान में कमलनाथ ने कहा, ‘‘ये (भाजपा) फ्लोर टेस्ट की बात पहले दिन से कर रहे थे। पिछले पांच महीनों में हमने चार बार अपना बहुमत साबित किया है। विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव की बात हो, उपाध्यक्ष के चुनाव की बात हो, अनुपूरक बजट की बात हो या बजट की बात हो, हमने अपना बहुमत हमेशा साबित किया है।’’
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, ‘‘हमें कोई प्रॉब्लम नहीं, यह तड़प रहे हैं क्योंकि यह सोचते हैं कि इनका खुलासा होने वाला है। जो उन्होंने 15 वर्ष में भ्रष्टाचार किया है, घोटाले किए हैं, उसके खुलासे से बचने के लिए यह इस तरह का प्रयास कर रहे हैं कि वर्तमान सरकार को डिस्टर्ब किया जाए। ये जानते हैं कि अब सारे खुलासे होंगे। ब्लॉक से लेकर, जिले से लेकर भोपाल तक हर क्षेत्र में इनके खुलासे सामने आएंगे।’’ कमलनाथ ने कहा, ‘‘हम हमेशा फ्लोर टेस्ट के लिए तैयार हैं।’’
गौरतलब है कि लोकसभा चुनावों के एग्जिट पोल में केन्द्र में भाजपा के नेतृत्व में राजग गठबंधन की सरकार बनने की संभावनाओं के बाद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने विधानसभा का विशेष सत्र शीघ्र बुलाने के लिये राज्यपाल को पत्र लिखा है। भार्गव ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, ‘‘मैं विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने के लिये राज्यपाल को पत्र लिख रहा हूं। सत्र में हम विशेष मुद्दों जैसे किसान कर्ज माफी और सरकार की ताकत का परीक्षण जैसे मामलों पर चर्चा करना चाहते हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



