पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा में गुरुवार को दो समूहों के बीच हुए संघर्ष में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान रामबाबू शॉ के तौर पर हुई है जबकि हिंसा में घायल हुए लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। खबरों के मुताबिक नवनिर्मित थाने के पास दो विरोधी समूहों के सदस्यों के बीच तीखी झड़प हुई और इस दौरान कई बम दागे गए और गोलियां चलाई गईं। नवनिर्मित थाने का गुरूवार को ही उद्घाटन होना है।
त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के जवानों के साथ पुलिस अधिकारियों का एक दल इलाके में तैनात किया गया है जबकि हंगामे और हिंसा के बाद इलाके में दुकानें और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठान बंद हो गए। भाटपाड़ा में 19 मई को हुए विधानसभा चुनावों के बाद झड़प के कई मामले सामने आ चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



