संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का सोमवार से आगाज हो गया। इस दौरान सरकार और विपक्ष के बीच कई मुद्दों को लेकर नोकझोंक देखने को मिली। इस बीच, भाजपा के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने वोट बैंक को तैयार करने के लिए अल्पसंख्यक समाज में डर पैदा करता है।
भाजपा के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “विपक्ष सिर्फ भ्रांतियां फैलाता है और अपने वोट बैंक को तैयार करने के लिए अल्पसंख्यक समाज में डर पैदा किया जाता है। हालांकि, मैं उन्हें बताना चाहूंगा कि अल्पसंख्यक समाज से डर निकल गया है। उन्होंने भाजपा को कुंदरकी, रामपुर, आजमगढ़, मीरापुर और मिल्कीपुर में भी खुलकर वोट दिया है। उनमें (विपक्ष) अभी डर है और इसलिए वह वक्फ का डर पैदा करेंगे। उनके (मुसलमान) मन में कोई डर पैदा नहीं कर पाए तो अब भारत की जीत पर भी दंगा करा रहे हैं। वो दिन अब खत्म हो गए हैं, जब किसी भी तरह का ध्रुवीकरण किया जा सके।”
उन्होंने बागेश्वर बाबा के बयान पर कहा, “तेजस्वी यादव वही नेता हैं, जिन्हें रोहिंग्या के साथ मुर्गे की टांग खाना अच्छा लगता है। वह राहुल गांधी के साथ मांस खाते हुए इसलिए वीडियो डालते हैं, क्योंकि सनातन पर चोट कैसे पहुंचाया जाए। वह रोहिंग्या के लिए बिहार में आरामगाह बनाने का सपना देखने वाले लोग हैं। इनको बाबा बागेश्वर नहीं, बल्कि पाकिस्तान से भागे हुए लोग अपने लगेंगे।”
इंदौर के महू में हुई हिंसा को लेकर दिनेश शर्मा ने कहा, “मुझे हिंसा से जुड़ी कई खबरें मिली हैं, जहां भी इस तरह की हरकत की है, वहां एक सक्षम सरकार है। अगर हिंदुस्तान में रहना है तो सही से रहना होगा और ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है।” केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘सीतामढ़ी में मां सीता का मंदिर बनेगा’ वाले बयान पर दिनेश शर्मा ने कहा, “जाहिर सी बात है कि देश में देवी-देवताओं का मंदिर बनता है और माता सीता तो देवी की अवतार हैं।”


Download Android App
Download iOS App



