Pahalgam Terror Attack: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बीच में छोड़ी अमेरिका-पेरू यात्रा

Summary :

पहलगाम आतंकी हमले पर निर्मला सीतारमण ने जताया गहरा दुख

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के चलते केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपनी अमेरिका-पेरू यात्रा बीच में ही छोड़ दी है। उन्होंने इस कठिन समय में अपने देशवासियों के साथ रहने का निर्णय लिया। सीतारमण ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

जम्मू-कश्मीर में मशहूर पर्यटन स्थल पहलगाम में हुए आतंकी हमले को देखते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अमेरिका-पेरू की अपनी आधिकारिक यात्रा बीच में ही छोड़ दी। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को जानकारी दी कि वित्त मंत्री इस कठिन और दुखद समय में अपने लोगों के साथ रहने के लिए वापस लौट रही हैं। भारत अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) की तैयारी कर रहा है। इसी कड़ी में भारत की आर्थिक गतिशीलता को दर्शाने के लिए वित्त मंत्री सीतारमण 20 अप्रैल को अमेरिका-पेरू की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुई थीं।

पहलगाम आतंकी हमला: सेना ने शुरू किया सघन अभियान, नियंत्रण कक्ष स्थापित

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में वित्त मंत्रालय ने लिखा, “केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण अमेरिका-पेरू की अपनी आधिकारिक यात्रा बीच में ही छोड़ रही हैं। मंत्रालय ने आगे कहा, “इस कठिन और दुखद समय में अपने लोगों के साथ रहने के लिए वह जल्द से जल्द भारत वापस आ रही हैं। वित्त मंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम से दिल दहला देने वाली खबर। दुख व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैं आतंकवादी कृत्य की निंदा करती हूं”।

उन्होंने आगे लिखा, “सभी पीड़ित परिवारों और मृतकों के दोस्तों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शब्दों को दोहराती हूं, “इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा…उन्हें बख्शा नहीं जाएगा! उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।”

यह आतंकी हमला मंगलवार को पहलगाम के पास सुंदर बैसरन घाटी में हुआ, जहां आतंकवादी घने जंगलों से निकले और अनजान पर्यटकों के एक समूह पर अंधाधुंध गोलीबारी की। शुरुआती इंटेलिजेंस इनपुट पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ की ओर इशारा करते हैं, जो लश्कर-ए-तैयबा का एक जाना-माना हिस्सा है। हमले के जवाब में सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया है। हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और संवेदनशील स्थानों पर सैनिकों की संख्या बढ़ा दी गई है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.