जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद सेना ने सघन अभियान शुरू किया है। श्रीनगर में हताहतों की सहायता के लिए आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। लेफ्टिनेंट जनरल सुचिन्द्र कुमार दिल्ली से श्रीनगर रवाना हो चुके हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने उच्च स्तरीय बैठक की।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद सेना ने इलाके में आतंकवादियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया है। घटना में हताहतों और उनके परिजनों की सहायता के लिए श्रीनगर में एक आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। सेना के अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण कक्ष के नंबर 0194-2457543, 0194-2483651 हैं। एडीसी श्रीनगर आदिल फरीद – 7006058623 इस नंबर पर सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे। सेना के उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सुचिन्द्र कुमार इस आतंकवादी हमले के बाद दिल्ली से जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के लिए रवाना हो चुके हैं। वह जम्मू-कश्मीर में सेना द्वारा आतंकवादियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई की जानकारी लेंगे। जम्मू-कश्मीर में जब यह हमला हुआ तब लेफ्टिनेंट जनरल एम.वी. सुचिन्द्र कुमार दिल्ली में थे। वह एक कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए दिल्ली आए थे।
पहलगाम हमले में पाकिस्तानी साजिश! 20 से अधिक मौतों की आशंका
आतंकवादी हमले के संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी से भी बात की है। उन्होंने पहलगाम की स्थिति और उसके बाद के हालातों की जानकारी ली। सेना और सुरक्षाबलों ने पहलगाम में संदिग्ध स्थानों की घेराबंदी शुरू कर दी है। सेना और अन्य सुरक्षा बल हेलिकॉप्टर से भी संदिग्ध इलाके की निगरानी कर रहे हैं। आतंकवादी हमले के तुरंत बाद इलाके में सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इसमें सेना के साथ-साथ सीआरपीएफ, स्थानीय पुलिस और क्विक रिएक्शन टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में कई सैलानियों पर मंगलवार को आतंकवादियों ने गोलियां बरसाई। इस हमले के बाद गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर पहुंच चुके हैं। उन्होंने सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, सीआरपीएफ, खुफिया एजेंसी और जम्मू-कश्मीर पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की।


Download Android App
Download iOS App



