कोलकाता, 1 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल पुलिस की पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नशीला पदार्थ जब्त किया और 4 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए ड्रग तस्करों को चेतावनी दी है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “नशीले पदार्थों के सिंडिकेट के खिलाफ हमारी चल रही कार्रवाई में एक बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एक सतर्क टीम ने मालदा जिले के कालियाचक में मधुघाट के पास एनएच-12 पर एक वाहन को रोका। इस दौरान लगभग 2.688 किलोग्राम मॉर्फिन (नशीला पदार्थ) जब्त किया गया और एक अंतर-राज्यीय ड्रग नेटवर्क के चार मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। इस पूरे रैकेट को जड़ से खत्म करने के लिए एक विशेष मामला दर्ज किया गया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं पश्चिम बंगाल पुलिस और एसटीएफ के अधिकारियों और कर्मियों की उनके त्वरित, समन्वित प्रयासों और अपने कर्तव्य के प्रति अटूट समर्पण के लिए सराहना करता हूं। मैं ड्रग तस्करों, रैकेट चलाने वालों और सिंडिकेट संचालकों को चेतावनी देना चाहता हूं कि उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। हमारी सरकार नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाती है, ताकि हमारे युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखा जा सके और नशामुक्त भारत अभियान के तहत हमारे सामूहिक संकल्प को मजबूत किया जा सके।”
इसके पहले 9 अक्टूबर को मुख्यमंत्री अधिकारी ने एक्स पोस्ट में बताया था, “जंगीपुर पुलिस जिले के अंतर्गत शमशेरगंज पुलिस ने 1.014 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। यह त्वरित कार्रवाई एनएच-12 के पास, स्थानीय ब्लॉक विकास अधिकारी की मौजूदगी में और पूरी तरह से कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए की गई। इस दौरान मालदा जिले के कालियाचक स्थित मोहब्बतपुर गांव के रहने वाले अरमान शेख को गिरफ्तार किया गया।”
उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल सरकार नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ‘जीरो-टॉलरेंस’ (सख्त) नीति अपनाती है। हमारा प्रशासन और कानून प्रवर्तन एजेंसियां नशीले पदार्थों के खतरे को खत्म करने और ‘नशा मुक्त भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में लगातार सतर्कता से काम कर रही हैं। हम अपने युवाओं के भविष्य को इस अवैध कारोबार की भेंट नहीं चढ़ने देंगे। हमारे राज्य में नशीले पदार्थों को फैलाने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।”
–आईएएनएस
ओपी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



