लौह पुरुष की विरासत का असर: अटलांटा में ‘आयरन मैन कम्युनिटी बैंक’ बनाने पर हो रहा काम

Summary :

अटलांटा, 1 नवंबर (आईएएनएस)। अटलांटा क्षेत्र में प्रस्तावित एक सामुदायिक बैंक का नाम और पहचान सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत से प्रेरित होगी। कम्युनिटी लीडर डॉ. वासुदेव पटेल ने बताया कि आयोजकों को अप्रैल 2027 तक इसे शुरू करने की उम्मीद है। पटेल ने आईएएनएस को बताया कि इस संस्थान का नाम ‘आयरन मैन यूनिटी बैंक’ होगा। उनके मुताबिक सरकारी औपचारिकताएं अभी पूरी होनी बाकी हैं और संकेत दिया कि बैंक खुलने की समय-सीमा केवल एक अनुमान है। उन्होंने कहा, “यह अगले छह महीनों में खुल जाएगा।” साथ ही उम्मीद जताई कि बची हुई औपचारिकताएं अप्रैल 2027 तक पूरी हो…

अटलांटा, 1 नवंबर (आईएएनएस)। अटलांटा क्षेत्र में प्रस्तावित एक सामुदायिक बैंक का नाम और पहचान सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत से प्रेरित होगी। कम्युनिटी लीडर डॉ. वासुदेव पटेल ने बताया कि आयोजकों को अप्रैल 2027 तक इसे शुरू करने की उम्मीद है।

पटेल ने आईएएनएस को बताया कि इस संस्थान का नाम ‘आयरन मैन यूनिटी बैंक’ होगा। उनके मुताबिक सरकारी औपचारिकताएं अभी पूरी होनी बाकी हैं और संकेत दिया कि बैंक खुलने की समय-सीमा केवल एक अनुमान है।

उन्होंने कहा, “यह अगले छह महीनों में खुल जाएगा।” साथ ही उम्मीद जताई कि बची हुई औपचारिकताएं अप्रैल 2027 तक पूरी हो सकती हैं।

पटेल ने बताया कि बैंक के लोगो में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ की झलक होगी और यह बैंक के चेक तथा अन्य ब्रांडिंग सामग्री पर दिखाई देगा।

उन्होंने कहा कि इस प्रस्तावित डिजाइन का उद्देश्य अलग-अलग समुदायों के ग्राहकों को भारत को एकजुट करने में सरदार पटेल की भूमिका से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस लोगो को देखेंगे, वे इसके बारे में पूछ सकते हैं, जिससे उन्हें उस इतिहास के बारे में बताने का मौका मिलेगा।

उन्होंने अपने बयान में बैंक की पूंजी, मालिकाना हक के ढांचे या पूरी की जाने वाली सरकारी औपचारिकताओं के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

यह प्रस्ताव अटलांटा में भारतीय वाणिज्य दूतावास में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सामने आया, जहां विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर सरदार पटेल की एक प्रतिमा का अनावरण किया।

अमेरिका के ‘फेडरेशन ऑफ गुजराती एसोसिएशन्स’ के अध्यक्ष डॉ. पटेल ने बताया कि इस प्रतिमा को फेडरेशन की राष्ट्रीय टीम ने प्रायोजित किया था।

सरदार वल्लभभाई पटेल स्वतंत्र भारत के पहले उप-प्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे। उन्होंने रियासतों को भारतीय संघ में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई थी और उनके प्रयासों और समर्पण को देखते हुए उन्हें ‘भारत के लौह पुरुष’ के रूप में जाना जाता है।

गुजरात स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ सरदार पटेल की याद में बनाया गया है। उनकी जयंती, 31 अक्टूबर को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाई जाती है।

–आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.