कोलकाता, 21 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंदू पीड़ित हैं। यहां हिंदू समाज और साधु-संतों के ऊपर हमले होते हैं। उन्होंने सरकार और पुलिस पर दूसरे पक्ष के लोगों को संरक्षण देने के भी आरोप लगाए।
सुवेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “हम हिंदू हैं और सनातन धर्म के अनुयायी हैं। जो लोग हिंदुओं के हितों के लिए काम करेंगे, वही भविष्य में बंगाल पर राज करेंगे। यहां हिंदुओं की हालत अच्छी नहीं है। उन पर अत्याचार हो रहा है। हिंदू समाज की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन वह ऐसा नहीं कर रही है।”
उन्होंने कहा, “बंगाल का हिंदू पीड़ित है। बंगाल की मुख्यमंत्री एक हिंदू होने के नाते भी दूसरे धर्मों के लोगों को संरक्षण देने का काम कर रही हैं। वे तुष्टिकरण की राजनीति करती हैं।”
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि बंगाल में माता दुर्गा की मूर्ति तोड़ी जाती है। माता के मंदिर तोड़े जाते हैं। यहां हिंदू समाज और साधु-संतों के ऊपर हमले होते हैं। उन्होंने कहा, “सरकार और पुलिस मिलकर अत्याचार कर रही हैं। कई इलाकों में दंगे कराए गए और पुलिस चुप बैठी रही। राज्य के एक मंत्री ने भी बयान दिया था कि शुक्रवार को दूसरे समुदाय के लोग कुछ हंगामा कर सकते हैं। इसलिए मैंने माता काली, बाबा महादेव और प्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना की कि बंगाल के हिंदू आदिवासी समाज को खुश और कुशल रखें।”
इससे पहले, सुवेंदु अधिकारी ने चुनाव प्रचार के बीच शनिवार को कालीघाट मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने भैरव बाबा नकुलेश्वर का अभिषेक और पूजन भी किया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर 51 शक्ति पीठों में से एक कालीघाट मंदिर में माता देवी की पूजा-अर्चना करने के उपरांत, मैंने भैरव बाबा नकुलेश्वर का अभिषेक और पूजन किया। मैंने उनसे आशीर्वाद मांगा और प्रार्थना की कि जगत जननी और बाबा नकुलेश्वर भैरव प्रसन्न हों, अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करें और उनके जीवन में सुख-समृद्धि प्रदान करें।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



