एअर इंडिया की दिल्ली-गोवा उड़ान में बृहस्पतिवार को एक यात्री द्वारा विमान में एक ‘‘आतंकवादी’’ के मौजूद होने का दावा किये जाने पर खलबली मच गई। विमान के हवाई अड्डे पर उतरने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
डाबोलिम हवाई अड्डा पुलिस थाने से सम्बद्ध एक अधिकारी ने बताया कि यात्री जिया उल हक (30) मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है, उसे विमान के उतरने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने खुद को ‘‘विशेष प्रकोष्ठ’’ का अधिकारी होने का दावा किया और यात्रियों से कहा कि विमान में एक ‘‘आतंकवादी’’ मौजूद है। उन्होंने बताया कि इससे यात्रियों में खलबली मच गई। अधिकारी ने बताया कि विमान के डाबोलिम हवाई अड्डे पर उतरने पर सीआईएसएफ कर्मियों ने उसे हवाई अड्डा पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि उसकी एक सरकारी अस्पताल में जांच करायी गई और बाद में एक स्थानीय मजिस्ट्रेट से आवश्यक आदेश प्राप्त करने के बाद उसे पणजी के पास स्थित मनोविज्ञान एवं मानव व्यवहार संस्थान में भर्ती करा दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



