उत्तर प्रदेश में पासपोर्ट सेवा केंद्र के एक अधिकारी द्वारा एक दंपति का कथित तौर पर उत्पीड़न किए जाने की घटना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि यह घटना ‘घृणा एवं विभाजन की उस मानसिकता’ को दर्शाती है जो सत्तारूढ़ पार्टी ने लोगों के दिमाग में भरी है।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “पासपोर्ट जारी करने के लिए विदेश मंत्रालय के अधिकारियों द्वारा धर्मांतरण की आपत्तिजनक मांग घृणा एवं विभाजन की मानसिकता को दर्शाती है जिसे सत्तारूढ़ पार्टी ने लोगों के दिमाग में भरा है।” उन्होंने कहा, “यह भारतीय नागरिकों के दिमाग, दिल और आत्मा को बांटने की कोशिश है और यह हमारे संवैधानिक मूल्यों पर हमला है।”
गौरतलब है कि मोहम्मद अनस और उनकी पत्नी तनवी सेठ का कहना है कि वे कल (बुधवार को) पासपोर्ट का नवीनीकरण कराने के लिए पासपोर्ट कार्यालय गये थे। दंपती का आरोप है कि पासपोर्ट अधिकारी विकास मिश्रा ने अनस से कहा कि वह हिन्दू धर्म अपना लें। साथ ही उन्होंने तनवी को सभी दस्तावेजों में अपना नाम बदलने का निर्देश दिया।
इस दंपति को आज पासपोर्ट जारी कर दिये गये। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी पीयूष वर्मा ने घटना पर खेद प्रकट करते हुए कहा कि आरोपी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच करके आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
अधिक जानकारियों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App




