लखनऊ, 1 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मंत्री ओपी राजभर ने इंडी गठबंधन और पीडीए की एकजुटता को लेकर अखिलेश यादव के दावों, बंगाल में वोट चोरी के आरोपों, भाजपा के प्रति जेनजी की भावनाओं और ईडी द्वारा आजम खान की गिरफ्तारी पर टिप्पणी की। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव पीडीए और इंडी गठबंधन से यूपी का चुनाव नहीं जीतने वाले हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के इंडी गठबंधन एकजुट होने के बयान पर मंत्री ओपी राजभर कहते हैं, “एक समूह है जो दिल्ली में आकर प्रदर्शन कर रहा था, जिसमें पूरे देश से लोग आए थे, वे यहां उत्तर प्रदेश में आकर वोट नहीं डालेंगे। चाहे वे राजस्थान, हरियाणा, छत्तीसगढ़ या दिल्ली के लोग हों, जो लोग इकट्ठा हुए थे, वे यूपी में आकर वोट नहीं देंगे। वे अपने-अपने राज्यों में ही वोट डालेंगे। आप गठबंधन बना सकते हैं, यह अच्छी बात है, लेकिन यूपी में कांग्रेस की क्या हालत है? उनके पास केवल दो विधायक हैं और यह बात पूरा देश जानता है। आप देख ही चुके हैं कि 2017 में जब उन्होंने सपा के साथ गठबंधन किया था, तब क्या हुआ था। इसमें कुछ भी नया नहीं है।”
राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के इंडी गठबंधन और पीडीए की एकता से यूपी जीतने के दावे का झूठा करार दिया।
अखिलेश यादव के बंगाल से लेकर बिहार सहित अन्य राज्यों में वोट चोरी के दावों पर मंत्री ओपी राजभर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, “चुनाव आयोग से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक, सभी कह रहे हैं कि हमें आकर इस पर चर्चा करनी चाहिए—चाहे वह लोकसभा में हो या विधानसभा। कम से कम वोट चोरी का कोई सबूत तो दीजिए। आप लोगों ने बस झूठ बोलने का ठेका ले रखा है और आप सब सिर्फ झूठ ही बोल रहे हैं। आप कोई सच सामने नहीं ला सकते।”
सपा प्रमुख के जेनजी में भाजपा के प्रति गुस्सा होने के दावे पर मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि अगर युवा पीढ़ी नाराज है तो भारतीय जनता पार्टी का छात्र संगठन एबीवीपी सब जगह चुनाव क्यों जीत रहा है। सपा के संगठन को जीतना चाहिए था। अखिलेश यादव को बोलने से पहले परिणाम के बारे में जानकारी करनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी का परिणाम आप उठाकर देखिए। चार राज्यों में एमएलसी चुनाव में सभी में शून्य सीटें आई हैं।
समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की रिहाई के बाद ईडी ने उन्हें फिर गिरफ्तार कर लिया। उनको 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस पर अखिलेश यादव का कहना है कि आजम खान को मुसलमान और यूनिवर्सिटी बनाने की सजा मिल रही है। इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए ओपी राजभर ने कहा कि यूनिवर्सिटी भारतीय जनता पार्टी ने बनाई है, लेकिन विश्वविद्यालय समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में बना। इसको बनाने में 600 करोड़ की लागत आई। सपा ने लागत 80 करोड़ दिखाई है। आपने 520 करोड़ रुपए जो लगाए हैं,वो समाजवादी पार्टी की सरकार की कमाई लगी है, न कि भाजपा की। इसके जिम्मेदार सपा प्रमुख अखिलेश यादव हैं,जो आजम खान जेल में हैं। अगर अखिलेश यादव भाजपा का नाम नहीं लेंगे तो उनकी पार्टी नहीं चल पाएगी।
–आईएएनएस
एएसएच/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



