छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र ने स्थानीय लोगों को काफी फायदा पहुंचाया है। जन औषधि केंद्र से लोगों को काफी सस्ती दवाइयां मिल जाती हैं। इससे स्थानीय लोगों को आर्थिक रूप से फायदा हो रहा है। आपको बता दें कि जन औषधि केंद्र में 50 से 80 प्रतिशत तक दवाइयां सस्ती दरों पर मिल जाती हैं। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में 2000 से ज्यादा दवाइयां उपलब्ध हैं, जो लोगों को बहुत ही सस्ते दामों में मिल जाती हैं।
पीएम जन औषधि केंद्र से दवा खरीदने आए ग्राहक ओंकार सोनी ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि यहां से दवा लेने में उसे बहुत फ़ायदा मिलता है। उन्होंने कहा कि पीएम जन औषधि केंद्र पर 100 रुपये की दवा मात्र 10 रुपये में मिल जाती है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन-चार महीनों से वह यहां से दवा खरीद रहे हैं। उनका कहना है कि इस योजना से गरीबों को काफी फायदा मिल रहा है। वहीं, एक अन्य ग्राहक दुर्गेश सोनी ने आईएएनएस से कहा कि यहां से दवा लेने पर काफी फायदा मिलता है और उनके पैसे बचते हैं।
केंद्र का बड़ा लक्ष्य, 31 मार्च 2027 तक खुलेंगे 25 हजार जन औषधि केंद्र
बता दें कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना केंद्र सरकार द्वारा पोषित एक योजना है। इस योजना में सरकार द्वारा उच्च गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयों के दाम बाजार मूल्य से कम पर बेचे जा रहे हैं। सरकार द्वारा जन औषधि केंद्र बनाए गए हैं, जहां जेनरिक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जेनरिक दवाइयां ब्रांडेड या फार्मा की दवाइयों के मुकाबले सस्ती होती हैं, जबकि उनके बराबर ही प्रभावी होती हैं। प्रधानमंत्री जन औषधि अभियान मूलत: आम लोगों को जागरूक करने के लिए शुरू किया गया है, ताकि लोग समझ सके कि ब्रांडेड दवाइयों की तुलना में जेनेरिक दवा कम मूल्य पर उपलब्ध है।
इसके साथ ही इसकी क्वालिटी में किसी तरह की कमी नहीं हैं। ये जेनेरिक दवाइयां मार्केट में मौजूद हैं, जिन्हें आसानी से प्राप्त किया जा सकता हैं। केंद्र सरकार आम नागरिकों को बाजार से 50 से 80 फीसद कम कीमत पर दवाइयां मुहैया कराने के उद्देश्य से इस योजना को संचालित कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



