PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 17 सितंबर को 76वां जन्मदिन है। इस मौके पर देशभर में बीजेपी और उससे जुड़े संगठनों की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को उनके 25 साल के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से जोड़कर विशेष अभियान भी शुरू किया गया है। बीजेपी और केंद्रीय मंत्रियों ने लोगों से पीएम मोदी के लिए दीये जलाने की अपील की है। वहीं बीजेपी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘संकल्प सेवा अभियान’ चलाया जाएगा। वहीं, PM मोदी आज दिल्ली में रहेंगे। यहां वह SEMICON India 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी के गृह राज्य गुजरात में जन्मदिन से जुड़े कार्यक्रम पहले ही शुरू हो चुके हैं। अहमदाबाद में पीएम मोदी की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए 11 हजार दीये जलाए गए। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज जगन्नाथ मंदिर में विशेष आरती करेंगे। प्रधानमंत्री के गृहनगर वडनगर में भी जन्मदिन को खास तरीके से मनाने की तैयारी की गई है। यहां कार्यक्रमों की शुरुआत कलश यात्रा से होगी। गुजरात के चार प्रमुख मंदिरों से निकली कलश यात्राएं वडनगर पहुंचेंगी। इसके अलावा अमित शाह वडनगर से सेवा संकल्प बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। इसमें करीब 250 बाइक सवार हिस्सा लेंगे।
काशी से वडनगर तक निकलेगी सेवा संकल्प बाइक यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर वाराणसी से भी सेवा संकल्प बाइक यात्रा शुरू होगी। इसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाएंगे। काशी में यात्रा में शामिल होने वाले सेवा यात्रियों के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। करीब 51 बाइकर्स सुबह ललिता घाट पहुंचेंगे। यहां डमरू दल और शंखध्वनि के बीच गंगा जल भरा जाएगा। इसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की जाएगी। दोपहर करीब 12 बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बाइक यात्रा को रवाना करेंगे।
सेवा संकल्प बाइक यात्रा करीब 22 दिनों तक चलेगी। इस दौरान यह 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी। उत्तर प्रदेश में यह यात्रा करीब 50 जिलों से होकर गुजरेगी। वडनगर और वाराणसी, दोनों जगह से इस यात्रा को लेकर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। काशी से वडनगर की ओर जाने वाली यात्रा में करीब 500 सेवा यात्री शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में राजनाथ सिंह, चिराग पासवान, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक समेत कई नेता शामिल होंगे।
उज्जैन में 25 लाख दीयों से होगा दीपोत्सव
गुजरात बीजेपी के प्रवक्ता अनिल पटेल के मुताबिक, बाइक रैली का उद्देश्य देश के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचना और उनसे संवाद करना है। इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवा बाइकर्स को शामिल किया गया है। बीजेपी इस अभियान के जरिए युवाओं और खास तौर पर अल्फा और जेनरेशन Z तक सरकार के काम और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की कोशिश करेगी।
मध्य प्रदेश के उज्जैन में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बड़ा दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। शिप्रा नदी के घाटों को 25 लाख से ज्यादा दीयों से सजाने की तैयारी है। इस आयोजन में करीब 30 हजार वॉलंटियर शामिल होंगे।इसके अलावा वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इस तरह जन्मदिन के मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों में धार्मिक, सामाजिक और जनसंपर्क से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु के 10 शहरों में कांग्रेस चलाएगी जाति जनगणना जागरूकता अभियान, केंद्र की प्रक्रिया पर उठाए सवाल


Download Android App
Download iOS App




