प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिर से पांच बरसों के लिए अफगानिस्तान का राष्ट्रपति चुने जाने पर अशरफ गनी को मंगलवार को बधाई दी। साथ ही उन्हें युद्ध प्रभावित देश में अफगान-द्वारा, अफगान-नीत और संयत शांति प्रक्रियाओं के लिए भारत के समर्थन का भरोसा दिलाया।
अफगान चुनाव अधिकारियों ने रविवार को घोषणा की थी कि राष्ट्रपति गनी ने 28 सितंबर के चुनाव में धांधली के आरोपों के बीच 50.64 प्रतिशत वोट प्राप्त किए।

गनी ने मंगलवार को सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ‘‘मेरे प्रिय मित्र एवं भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरूआती नतीजों में जीतने पर मुझे और सफलतापूर्वक हुए राष्ट्रपति चुनावों के लिए अफगानिस्तान के लोगों को बधाई देने के लिए आज दोपहर फोन किया।’’
गनी ने कहा, ‘‘उन्होंने कहा कि भारत एक मित्र, एक पड़ोसी है और दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र (भारत) अफगानिस्तान के लोकतांत्रिक शासन का पूरी तरह से समर्थन करता है। और हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भी अफगानिस्तान के साथ हैं।’’ मई में मोदी के फिर से प्रधानमंत्री बनने पर राष्ट्रपति गनी ने उन्हें बधाई दी थी और कहा था कि वह एक लोकतांत्रिक, स्थिर और विकसित अफगानिस्तान के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

गनी ने कहा, ‘‘श्रीमान मोदी ने कहा कि भारत आपका दूसरा घर है और यात्रा का औपचारिक न्योता दिया। हम इस यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। मैं न्योते के लिए प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा करता हूं और उपयुक्त समय पर भारत की यात्रा करूंगा।’’


Download Android App
Download iOS App



