Japan Election: जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची के नेतृत्व वाले गठबंधन ने रविवार को हुए विंटर स्नैप पोल में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। कंजरवेटिव नेता सानाए ताकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं और वह खुद को ब्रिटेन की पूर्व प्रधानमंत्री ‘आयरन लेडी’ मार्गरेट थैचर से प्रेरित बताती रही हैं। चुनाव नतीजों में सत्ताधारी पार्टी के उम्मीदवारों ने संसद के 465 सीटों वाले निचले सदन में 233 सीटों के बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया।
LDP ने तेजी से हासिल किया बहुमत
मतदान समाप्त होने के दो घंटे से भी कम समय में ही लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने अकेले दम पर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। इसे पार्टी के अब तक के सबसे बेहतरीन चुनावी प्रदर्शनों में से एक माना जा रहा है। यह जीत ऐसे समय आई है, जब हाल के महीनों में पार्टी की स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
सानाए ताकाइची की इस बड़ी जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
“प्रतिनिधि सभा के चुनाव में ऐतिहासिक जीत के लिए सानाए ताकाइची को बधाई। हमारी विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाती है।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे विश्वास है कि आपके सक्षम नेतृत्व में भारत-जापान की दोस्ती नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी।”
अमेरिकी राजदूत की प्रतिक्रिया
जापान में अमेरिका के राजदूत जॉर्ज एडवर्ड ग्लास ने भी सानाए ताकाइची को उनकी “प्रभावशाली जीत” पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वह नई सरकार के साथ मिलकर द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए काम करने को उत्सुक हैं।
36 साल बाद हुआ मिड-विंटर चुनाव
सानाए ताकाइची ने पिछले साल अक्टूबर में अपनी पार्टी का नेतृत्व संभालने के तुरंत बाद देश में 36 साल में पहली बार मध्य सर्दियों में आम चुनाव कराने का फैसला लिया था। इस चुनाव का उद्देश्य जनता से नया और मजबूत जनादेश हासिल करना था।
राजनीतिक दांव साबित हुआ सफल
यह फैसला उस समय एक बड़ा राजनीतिक दांव माना जा रहा था, क्योंकि लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी संसद के दोनों सदनों में बहुमत खो चुकी थी और कोमेतो पार्टी के साथ उसका पुराना गठबंधन भी टूट गया था। हालांकि, ताजा नतीजों ने साबित कर दिया कि सानाए ताकाइची का यह दांव पूरी तरह सफल रहा और सत्तारूढ़ दल एक बार फिर मजबूत स्थिति में लौट आया है।


Download Android App
Download iOS App




