पीएम मोदी ने खुद को वैश्विक नेता के रूप में स्थापित किया, बढ़ रहा प्रभाव : विश्वास सारंग

Summary :

मोदी का अमेरिका दौरा: भारत की भूमिका को मिलेगी मजबूती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे को लेकर मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने दावा किया कि यह प्रधानमंत्री मोदी का विजन ही है जिसने पूरी दुनिया में उन्हें एक वैश्विक नेता का दर्जा दिलाया है।

मंत्री सारंग ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक नई पहचान बना रहा है और दुनिया भर में उनका प्रभाव बढ़ता जा रहा है। पीएम मोदी का यह दौरा वैश्विक राजनीति में भारत की भूमिका को और मजबूत करेगा। उन्होंने आगे कहा कि भारत और अमेरिका के बीच दो महाशक्तियों का मिलन, दुनिया में शांति के एक नए अध्याय की शुरुआत करेगा। इस सहयोग से दोनों देशों के रिश्तों में और मजबूती आएगी, जिससे वैश्विक सुरक्षा और शांति को नई दिशा मिलेगी।

वहीं, अमेरिका द्वारा आतंकवादी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण की मंजूरी को विश्वास सारंग ने भारत के लिए एक बड़ी सफलता करार दिया। उन्होंने कहा कि यह भारतीय विदेश नीति की बड़ी जीत है। भारत दुनिया में अपने रुख और नीतियों के अनुसार चीजों को मनवाता है और यह घटना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। अमेरिका द्वारा राणा को प्रत्यर्पित करने का फैसला, आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ नीति का परिणाम है और यह हमारे लिए गर्व की बात है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर कहा था कि हमारी सरकार इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष रखेगी। इस पर भी विश्वास सारंग ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा ओबीसी के नाम पर राजनीति करती आई है और कभी नहीं चाहती कि ओबीसी को आरक्षण मिले। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार सुप्रीम कोर्ट में दृढ़ता से अपना पक्ष रखेगी और ओबीसी समुदाय के अधिकारों के लिए लड़ाई जारी रखेगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.