प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले महीने भूटान की यात्रा पर जाने की संभावना है जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों को और गहरा करना होगा। यह जानकारी बृहस्पतिवार को सूत्रों ने दी।
भूटान भारत का रणनीतिक सहयोगी रहा है और पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत हुए हैं।
सूत्रों ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच सहयोग को और विस्तारित करना होगा। विदेश मंत्री एस जयशंकर अपने मंत्रालय का प्रभार संभालने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा पर इस हिमालयी देश गए थे।
जयशंकर ने अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान भूटान के प्रधानमंत्री लोताय त्सेरिंग सहित शीर्ष भूटानी नेतृत्व से मुलाकात की थी और जल विद्युत क्षेत्र में सहयोग पर जोर देने के साथ ही द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के तौर तरीकों पर चर्चा की थी।
भूटान पहला देश था जिसकी यात्रा 2014 में मोदी ने प्रधानमंत्री का पदभार संभालने के बाद की थी।


Download Android App
Download iOS App



