गुजरात के दूसरे प्रदेश भवन ‘गर्वी गुजरात’ का PM मोदी ने किया उद्घाटन

Summary :

उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल एवं पूर्व मुख्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश की वर्तमान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मौजूद थीं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में गुजरात सरकार के दूसरे प्रदेश भवन ‘‘गर्वी गुजरात’’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल एवं पूर्व मुख्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश की वर्तमान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मौजूद थीं। यह भवन अकबर रोड पर 7000 वर्ग मीटर क्षेत्र में है और पारिस्थितकी अनुकूल है । इस पर 131 करोड़ रूपये की लागत आई है।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कहा कि इसमें आधुनिक तकनीक के साथ पारिस्थितकी अनुकूल तत्वों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि ‘गरवी गुजरात’ सदन गुजरात के करोड़ों जनों की भावनाओं, परंपराओं और संस्कृति के अनुकूल सभी की सेवा के लिए तैयार है। मैं आप सभी को इसके लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं। 
मोदी ने कहा कि नया सदन, गुजरात में निवेश आकर्षित करने के लिए, गुजरात में उद्योगों के लिए, एक अहम सेंटर बने, इसके लिए नई व्यवस्थाएं की गई हैं। मुझे विश्वास है कि इससे गुजरात में निवेश के इच्छुक भारतीयों और विदेशी निवेशकों को और अधिक सुविधा मिलेगी प्रधानमंत्री ने कहा कि ये सदन भले ही मिनी गुजरात का मॉडल हो, लेकिन ये न्यू इंडिया की उस सोच का भी प्रत्यक्ष प्रमाण है, जिसमें हम अपनी सांस्कृतिक विरासत को, हमारी परंपराओं को आधुनिकता से जोड़कर आगे बढ़ने की बात करते हैं। 

मोदी ने कहा कि गणेश चतुर्थी पर आप सबको और विशेषकर गुजरात के निवासियों को अनेक शुभकामनाएं । मुझे खुशी है कि भगवान सिद्धिविनायक के जन्मोत्सव पर पर हम एक और सिद्धी के लिए एकत्रित हुए हैं । 

Desk Team