प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। फॉलोवर्स के मामले में दुनिया के सक्रिय नेताओं की सूची में डोनाल्ड ट्रंप और पोप फ्रांसिस के बाद उनका नंबर आता है। ट्विटर पर अपनी फैन फॉलोइंग को संबोधित करने और संवाद स्थापित करने के लिए पीएम ने लोगों को रिप्लाई करना शुरू किया। संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर जीत हासिल करने के बाद मोदी को जहां बधाईयां मिली वहीं कुछ लोगों ने सलाह भी दी। अनंता सुब्रमण्यम नाम की यूजर ने लिखा, मेरी बेटी ने स्कूल की मैग्जीन में स्वच्छ भारत पर निबंध लिखा। उसे अपनी टीचर से काफी अच्छे नंबर मिले हैं। वह उत्साहित है। इसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा, इसे पढ़कर अच्छा लगा।
अपनी लड़की को मेरी तरफ से बधाई दे देना। स्वच्छता को लेकर युवाओं में इतने उच्च स्तर की जागरुकता और जुनून को देखकर अच्छा लगा।गणेश शंकर नाम के यूजर ने लिखा, प्रधानमंत्री को संसद में देर रात तक चर्चा करते हुए देखा। आज जब टीवी खोली तो देखा कि लगभग 12 बजे पीएम यूपी के शाहजहांपुर में किसानों को संबोधित कर रहे थे। 60-70 की उम्र में भी आप पर थकान नहीं दिखाई देती। इसके जवाब में मोदी ने कहा, 125 करोड़ भारतीयों की दुआ मेरी ताकत है। मेरा पूरा समय देश के लिए है।
पीएम मोदी को एक यूजर से हमेशा मुस्कुराते रहने के लिए सलाह मिली। शिल्पी अग्रवाल नाम की यूजर ने लिखा, केवल एक बात मोदी जी। आपको और ज्यादा मुस्कुराना चाहिए। बाकी सब मस्त है। इसके जवाब में उन्होंने कहा, बात मान ली। एक यूजर ने पीएम को बताया कि कैसे वह और उसके दादा साथ में मोदी के भाषण देखा करते थे। अनुभव चतुर्वेदी नाम के यूजर ने लिखा, नरेंद्र मोदीजी आपके कल के संसद में दिए भाषण ने मुझे उस समय की याद दिला दी जब मैं और मेरे दादा मिलकर आपके भाषण देखा करते थे। उनका 16 जुलाई को निधन हो गया है। वह आपको और आपकी चतुरता को पसंद किया करते थे। जवाब में पीएम ने कहा, आपके दादा के बारे में सुनकर बुरा लगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं आपके साथ हैं।


Download Android App
Download iOS App



