पीएम मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को ‘वोकल फॉर लोकल’ से जोड़ा, कहा- देश में बनी चीजों को प्राथमिकता दें

Summary :

पीएम मोदी ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का दिया नया आयाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 122वें एपिसोड में ‘वोकल फॉर लोकल’ की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि भारत में बनी चीजों को प्राथमिकता दें। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता में देश के इंजीनियर और टेक्निशियन के योगदान की सराहना की और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।

‘मन की बात’ के 122वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वोकल फॉर लोकल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत में बने हथियारों, उपकरणों और टेक्नोलॉजी की ताकत, उसमें ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संकल्प भी था।

पीएम मोदी ने मन की बात को संबोधित करते हुए कहा, “हमारे इंजीनियर, हमारे टेक्निशियन हर किसी का पसीना इस विजय में शामिल है। इस अभियान के बाद पूरे देश में ‘वोकल फॉर लोकल’ को लेकर एक नई ऊर्जा दिख रही है। कई बातें मन को छू जाती हैं। एक मां-बाप ने कहा कि अब हम अपने बच्चों के लिए सिर्फ भारत में बने खिलौने ही लेंगे। देशभक्ति की शुरुआत बचपन से होगी।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “कुछ परिवारों ने शपथ ली है कि हम अपनी अगली छुट्टियां देश के किसी खूबसूरत जगह में ही बिताएंगे। कई युवाओं ने ‘वेड इन इंडिया’ का संकल्प लिया है, वो देश में ही शादी करेंगे। किसी ने ये भी कहा है कि अब जो भी गिफ्ट देंगे, वह किसी भारतीय शिल्पकार के हाथों से बना होगा।”

पीएम मोदी ने देशवासियों की सराहना करते हुए कहा, “साथियों, यही तो है, भारत की असली ताकत ‘जन-मन का जुड़ाव, जन-भागीदारी’। मैं आप सबसे भी आग्रह करता हूं, आइए, इस अवसर पर एक संकल्प लें। हम अपने जीवन में जहां भी संभव हो, देश में बनी चीजों को प्राथमिकता देंगे। यह सिर्फ आर्थिक आत्मनिर्भरता की बात नहीं है, यह राष्ट्र के निर्माण में भागीदारी का भाव है। हमारा एक कदम, भारत की प्रगति में बहुत बड़ा योगदान बन सकता है।”

इससे पहले उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने के लिए देशवासियों की सराहना की। साथ ही कहा कि हमारा संकल्प है कि हमें आतंकवाद को खत्म करना है।

पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ को संबोधित करते हुए कहा, “आज पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है, आक्रोश से भरा हुआ है और संकल्पबद्ध है। आज हर भारतीय का यही संकल्प है कि हमें आतंकवाद को खत्म करना है। साथियों, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान हमारी सेनाओं ने जो पराक्रम दिखाया है, उसने हर हिंदुस्तानी का सिर ऊंचा कर दिया है। जिस शुद्धता के साथ, जिस सटीकता के साथ, हमारी सेनाओं ने सीमा पार के आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त किया है, वो अद्भुत है।”

ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया भर में नया आत्मविश्वास दिया: PM Modi ने मन की बात में कहा

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.