प्रधानमंत्री मोदी ने की सऊदी अरब के वली अहद मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात

Summary :

सऊदी अरब कच्चे तेल के मामले में भारत का शीर्ष आपूर्तिकर्ता है लेकिन दोनों देशों ने ऊर्जा सहयोग से आगे बढ़कर अपने संबंधों को विस्तार दिया है और दोनों देशों की सरकारें सामरिक साझेदारी के लिये सहमत हुई हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को ओसाका में सऊदी अरब के वली अहद (क्राउन प्रिंस) मोहम्मद बिन सलमान से द्विपक्षीय वार्ता कर व्यापार और निवेश, ऊर्जा सुरक्षा तथा आतंकवाद से निपटने में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिये जापान में मौजूद मोदी ने सम्मेलन से इतर ब्रिक्स नेताओं की अनौपचारिक बैठक के बाद सलमान से मुलाकात की। 
सऊदी अरब कच्चे तेल के मामले में भारत का शीर्ष आपूर्तिकर्ता है लेकिन दोनों देशों ने ऊर्जा सहयोग से आगे बढ़कर अपने संबंधों को विस्तार दिया है और दोनों देशों की सरकारें सामरिक साझेदारी के लिये सहमत हुई हैं। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, ‘एक बहुमूल्य सामरिक साझेदार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर सऊदी अरब के वली अहद मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद से मुलाकात की। व्यापार तथा निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, आतंकवाद से निपटने समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।’ 

Desk Team