पीएम मोदी ने एकता नगर के रेन फॉरेस्ट और स्काईवॉक का अनुभव लेने का किया आह्वान

Summary :

एकता नगर, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर स्थित रेन फॉरेस्ट की खूबसूरती और वहां बने स्काईवॉक की खासियत साझा करते हुए लोगों से इस पर्यटन स्थल का अनुभव लेने का आह्वान किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि एकता नगर के रेन फॉरेस्ट में आपका शानदार अनुभव इंतजार कर रहा है। यहां की हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता में खो जाइए। स्काईवॉक यहां का विशेष आकर्षण है, जहां एक अनूठा अनुभव मिलता है और साथ ही ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का मनमोहक नजारा भी दिखाई देता…

एकता नगर, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर स्थित रेन फॉरेस्ट की खूबसूरती और वहां बने स्काईवॉक की खासियत साझा करते हुए लोगों से इस पर्यटन स्थल का अनुभव लेने का आह्वान किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि एकता नगर के रेन फॉरेस्ट में आपका शानदार अनुभव इंतजार कर रहा है। यहां की हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता में खो जाइए। स्काईवॉक यहां का विशेष आकर्षण है, जहां एक अनूठा अनुभव मिलता है और साथ ही ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का मनमोहक नजारा भी दिखाई देता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह पोस्ट राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के मौके पर एकता नगर में आयोजित कार्यक्रमों के बीच की। इससे पहले उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की और क्षेत्र में पर्यटन एवं बुनियादी ढांचे से जुड़ी 426.71 करोड़ रुपये की 31 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

एकता नगर में विकसित किया जा रहा रेन फॉरेस्ट स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास के नए पर्यटन आकर्षणों में शामिल है। करीब 12 एकड़ में फैली इस परियोजना में वर्षभर कृत्रिम बारिश के जरिए वर्षावन जैसा वातावरण तैयार किया गया है। यहां 20 रेन गन टावर, झरने, बबल फाउंटेन और आकर्षक हरियाली विकसित की गई है। परिसर में भारत के अलग-अलग क्षेत्रों के पेड़-पौधे भी लगाए गए हैं।

इसका प्रमुख आकर्षण गोलाकार कांच का स्काईवॉक है। इसे 35 एमएम मोटाई वाले कांच के 132 पैनलों से तैयार किया गया है। इस पर चलकर पर्यटक नीचे फैले वन क्षेत्र का अनूठा नजारा देख सकते हैं। यहां जैव विविधता और विभिन्न वन पारिस्थितिकी तंत्रों से परिचित कराने की व्यवस्था भी की गई है। गुजरात सरकार की परियोजना सूची के अनुसार, रेन फॉरेस्ट परियोजना पर 14.30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

प्रधानमंत्री ने एकता नगर के पर्यटन सर्किट में शामिल वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा किया। सरकार का उद्देश्य स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने आने वाले पर्यटकों के लिए आसपास पर्यटन के नए अनुभव और आकर्षण विकसित करना है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने 307.83 करोड़ रुपये की लागत वाली 23 परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 118.88 करोड़ रुपये की आठ परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उद्घाटन की गई प्रमुख परियोजनाओं में 50 करोड़ रुपये की लागत से बना आईआरसीटीसी होटल, 16 करोड़ रुपये का एकता क्रूज और 3.67 करोड़ रुपये की इको ट्रेल शामिल हैं।

वहीं, शिलान्यास की गई परियोजनाओं में गोरा-भनद्रा रोड, स्मार्ट जीरो-वेस्ट इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना, खलवानी इको-टूरिज्म और एकीकृत कैक्टस एवं बटरफ्लाई गार्डन शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी शनिवार शाम करीब 5:30 बजे राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में एकता परेड आयोजित की जाएगी, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ), राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।

इसके अलावा, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की ओर से ‘नक्सल मुक्त भारत’ विषय पर एक नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकार हिस्सा लेंगे। समारोह में ‘वंदे मातरम’ की थीम पर झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देशभर के करीब 5,000 कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.