जियो स्‍पैटियल आंकड़ों पर बोले PM मोदी- ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में अहम कदम

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जियो स्‍पैटियल आंकड़े जुटाने और तैयार करने की प्रक्रिया के लिए नीतियों को उदार बनाने के फैसले की सराहना की और कहा कि यह ‘‘आत्मनिर्भर भारत’’ की सोच को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को जियो स्‍पैटियल आंकड़े जुटाने और तैयार करने की प्रक्रिया के लिए नीतियों को उदार बनाने के फैसले की सराहना की और कहा कि यह ‘‘आत्मनिर्भर भारत’’ की सोच को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा,‘‘जियो स्‍पैटियल आंकड़े जुटाने और तैयार करने की प्रक्रिया के लिए नीतियों को उदार बनाना आत्‍मनिर्भर भारत की दृष्टि को साकार करने की दिशा में महत्‍वपूर्ण कदम है।’’

उन्होंने कहा कि इस फैसले से देश के डिजिटल इंडिया मिशन को बढ़ावा मिलेगा। पीएम मोदी ने कहा,‘‘यह सुधार देश के किसानों, स्‍टार्ट अप्‍स, निजी तथा सार्वजनिक क्षेत्र और अनुसंधान संस्‍थानों के लिए नवाचार तथा श्रेष्‍ठ समाधान उपलब्‍ध कराने के अवसर खोलेंगे। इससे रोजगार मिलेंगे और देश की आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा भी मिलेगा।’’ उन्होंने कहा कि यह सुधार व्यापार की सुगमता को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इससे पहले, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री हर्षवर्धन ने आज नये जियो स्‍पैटियल दिशानिर्देश जारी किए और कहा कि ये आत्‍मनिर्भर भारत के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने में प्रेरक की भूमिका निभाएंगे और पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्‍यवस्‍था का लक्ष्‍य हासिल करने में मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि मानचित्र और सटीक जियो स्‍पैटियल आंकड़े नदियों को जोड़ने और औद्योगिक गलियारों के निर्माण जैसी राष्‍ट्रीय ढांचागत परियोजनाओं के लिए महत्‍वपूर्ण हैं।

Desk Team