दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता केजरीवाल को कथित रूप से ठगने को लेकर तीन लेागों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस मामले में तकनीकी निगरानी के आधार पर भरतपुर-मथुरा सीमा से साजिद , कपिल और मनविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। साजिद हरियाण के नूह का निवासी है जबकि कपिल और सिंह मथुरा के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी वारिस अब भी फरार है।
हर्षिता केजरीवाल ने एक ई-कॉमर्स वेबसाइट पर सेकेंड हैंड सोफा बेचने की जानकारी दी थी, जिसके बाद एक व्यक्ति ने खुद को खरीदार बताकर उसके साथ ठगी की। इस पूरी प्रक्रिया में हर्षिता से 34,000 रुपए की ठगी की गई। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइंस थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया था।
आरोपी शख्स ने खरीदारी में रुचि दिखाते हुए हर्षिता केजरीवाल से संपर्क किया था। अकाउंट सही होने के नाम पर पहले उसने हर्षिता के खाते में छोटी रकम ट्रांसफर की। इसके बाद आरोपी ने उसे एक क्यूआर कोड भेजा और उसे स्कैन करने को कहा, जिससे बाकी रकम वो उसके अकाउंट में ट्रांसफर कर सके।
क्यूआर कोड को स्कैन करने पर हर्षिता केजरीवाल के अकाउंट से 20,000 रुपए कट गए। इसके बाद जब हर्षिता ने शख्स से इसकी शिकायत की तो उसने कहा कि ये गलती से ऐसा हुआ है। फिर से ऐसा ही करने पर हर्षिता के अकाउंट से 14,000 रुपए कट गए। पुलिस अधिकारी ने बताया था कि शिकायत के आधार पर आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत एक एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई है।


Download Android App
Download iOS App



