हंदवाड़ा एनकाउंटर के शहीदों को PM मोदी की श्रद्धांजलि, कहा-उनकी वीरता और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा

Summary :

हंदवाड़ा एनकाउंटर में कर्नल आशुतोष शर्मा, मेजर अनुज, एक लांस नायक, एक राइफलमैन और पुलिस उप-निरीक्षक शकील काज़ी आतंकियों से लोहा लेते वक्त शहीद हो गए।

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में एनकाउंटर में भारतीय सेना के एक कर्नल, एक मेजर, सेना के दो जवान और पुलिस सब इंस्पेक्टर शहीद हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को शहीद हुए जवानों को श्रदांजलि दी। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर हैदर सहित तीन आतंकियों को मार गिराया है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, हंदवाड़ा में शहीद हुए हमारे साहसी सैनिकों और सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि। उनकी वीरता और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने हमारे नागरिकों की रक्षा के लिए राष्ट्र के लिए अत्यंत समर्पण के साथ काम किया और अथक परिश्रम किया। उनके परिवारों और दोस्तों के प्रति संवेदना।


हंदवाड़ा एनकाउंटर में कर्नल आशुतोष शर्मा, मेजर अनुज, एक लांस नायक, एक राइफलमैन और पुलिस उप-निरीक्षक शकील काज़ी आतंकियों से लोहा लेते वक्त शहीद हो गए। रविवार हंदवाड़ा के चांजमुल्ला इलाके में हुई मुठभेड़ में हैदर सहित तीन आतंकवादी मारे गए है। इसके साथ ही भारतीय सेना ने इस मुठभेड़ में  एक कर्नल, एक मेजर, सेना के दो जवान और पुलिस सब इंस्पेक्टर को खो दिया है। 

यह इलाका उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले का हिस्सा है। सेना के अधिकारी आतंकवादियों द्वारा बंधक बनाए गए नागरिकों को बचाने जा रही टीम का नेतृत्व कर रहे थे। जब बंधकों को छुड़ाया जा रहा था तो बचाव टीम पर आतंकवादियों ने भारी गोलीबारी कर दी। सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। 
बचाव टीम में एक लांस नायक और एक राइफलमैन भी शामिल थे। रविवार तड़के सुरक्षाबलों ने बड़ा अभियान शुरू किया क्योंकि उनका कर्नल या उनकी टीम के साथ कोई संपर्क नहीं हो पाया था। इस दौरान दो अधिकारियों सहित सुरक्षा बल के पांच जवान लापता होने की खबर थी। मगर रविवार को पुष्टि हो गई कि ये जवान शहीद हो गए हैं। 

Desk Team