PM नरेंद्र मोदी ने पेरिस यात्रा की दिखाई झलक, सीईओ फोरम में दिया इनोवेट और एलिवेट का मंत्र

Summary :

PM नरेंद्र मोदी चार दिवसीय फ्रांस-अमेरिका दौरे पर हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार दिवसीय फ्रांस-अमेरिका दौरे पर हैं। अपने दौरे के पहले चरण में उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ ‘एआई एक्शन समिट’ की सह-अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने एआई को लेकर कुछ अहम बातें कहीं। इसी बीच, पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने पेरिस में हुए विभिन्न कार्यक्रमों की प्रमुख झलकियां दीं।

इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि पेरिस में कल के कार्यक्रमों की हाइलाइट्स, जिसमें एआई एक्शन समिट, इंडिया-फ्रांस सीईओ फोरम और विभिन्न बैठकें शामिल थीं।

वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की महत्वता पर जोर देते हुए कहा कि एआई हमारे गुणवत्ता, हमारी अर्थव्यवस्था, हमारी सुरक्षा और यहां तक कि हमारे समाज को भी नया आकार दे रहा है। एआई इस सदी में मानवता के लिए कोड लिख रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के डिजिटल प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत ने 1.4 बिलियन से अधिक लोगों के लिए बहुत कम लागत में एक डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) सफलतापूर्वक तैयार किया है। हमने डिजिटल वाणिज्य को लोकतांत्रिक और सभी के लिए सुलभ बना दिया है। यही दृष्टिकोण भारत के राष्ट्रीय एआई मिशन की नींव है। इस एक्शन समिट की गति को बनाए रखते हुए, भारत अगली समिट की मेजबानी करने के लिए तैयार है।

पेरिस में एआई एक्शन समिट का उद्घाटन भाषण देने के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मार्सिले पहुंचे और कहा कि यहां भारतीय वाणिज्य दूतावास खुलने से भारत और फ्रांस के बीच संबंध और मजबूत होंगे। मार्सिले पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने होटल में भारतीय प्रवासियों से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी एक छोटी बच्ची को पुचकारते और प्यार करते हुए भी नजर आए।

पीएम नरेंद्र मोदी ने सीईओ फोरम में जो कहा उसे भी इस क्लिप में अटैच किया गया है। उन्होंने कहा कि मैं सीईओ फोरम की रिपोर्ट का मैं स्वागत करता हूं, मैं देख रहा हूं आप सब इनोवेट और एलिवेट के मंत्र को लेकर चल रहे हैं। आप सभी न केवल बोर्डरूम कनेक्शन बना रहे हैं, बल्कि भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को भी मजबूत कर रहे हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.