प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर कोरोना प्रबंधन पर चर्चा की। उन्होंने राज्यों से कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में केंद्र लगातार सहयोग करता रहेगा। जो भी जरूरत हो, राज्य समय से केंद्र को सूचित करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी से बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना संक्रमण के मामलों, रिकवरी रेट, आईसीयू बेडों की संख्या, कोविड अस्पतालों में इलाज के संसाधनों से लेकर ऑक्सीजन की उपलब्धता पर बात की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना की दूसरी लहर से जनता को बचाने के लिए केंद्र और राज्यों के मिलजुलकर कार्य करने पर भी जोर दिया। बता दें भारत में 25 दिनों के बाद एक दिन में कोविड-19 के सबसे कम 3.11 लाख मामले आए जबकि 4,077 और लोगों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 2,70,284 पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, एक दिन में 3,11,170 मरीज संक्रमित पाए गए हैं, जिससे देश में संक्रमण के कुल मामले 2,46,84,077 पर पहुंच गए।
21 अप्रैल को 24 घंटों में संक्रमण के 2,95,041 मामले आए थे। आंकड़ों के अनुसार, कोविड-19 का उपचार करा रहे मरीजों की संख्या कम होकर 36,18,458 हो गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 14.66 प्रतिशत है। कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर में सुधार हुआ है और यह 84.25 प्रतिशत है। इस महामारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,07,95,335 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.09 प्रतिशत दर्ज की गई।


Download Android App
Download iOS App



