प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 मार्च को देश की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुजरात से ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ की शुरूआत करेंगे। इस मौके पर उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी मौजूद रहेंगे। रूपाणी ने बताया कि प्रधानमंत्री साबरमती आश्रम से 21 दिनों तक चलने वाली ‘दांडी यात्रा’ को भी हरी झंडी दिखायेंगे।
भारत के स्वतंत्रता संघर्ष के दौरान महात्मा गांधी साबरमती आश्रम में ही रहते थे। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री 12 मार्च को गुजरात में रहेंगे जहां वह अहमदाबाद स्थित साबरमती आश्रम से ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम की शुरूआत करेंगे। महात्मा गांधी ने दांडी मार्च की अगुवाई की थी। ब्रिटिश सरकार के नमक के एकाधिकार के खिलाफ 1930 में साबरमती आश्रम से नवसारी के दांडी तक की यात्रा की थी। यह यात्रा 12 मार्च 1930 से लेकर छह अप्रैल 1930 के बीच हुई थी।
पिछले हफ्ते केंद्र ने देश की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय राष्ट्रीय समिति के गठन की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोवार को कहा था कि भारत की स्वतंत्रता के 75 वें वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोहों में आजादी के आंदोलन की भावना प्रदर्शित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह 1947 से हमारी उपलब्धियों को दुनिया को दिखाने का अवसर है।


Download Android App
Download iOS App



