नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को दिल्ली से उत्तर प्रदेश के बरेली के लिए पहले वाणिज्यिक यात्री विमान को हरी झंडी दिखायी और इस उड़ान के चालक दल में सभी सदस्य महिलाएं हैं। नागर विमानन मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘क्षेत्रीय संपर्क योजना-उड़े देश का आम नागरिक (आरसीएस-उड़ान) योजना के तहत बरेली हवाई अड्डे को वाणिज्यिक उड़ान संचालन के तहत उन्नत बनाया गया है।’’
बयान में कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एलायंस एयर की दिल्ली-बरेली की पहली उड़ान में चालक दल में सभी महिलाएं थीं। बयान के मुताबिक एलायंस एयर दिल्ली-बरेली रूट पर एटीआर 72-600 विमान को लगाएगी जिसमें करीब 70 यात्री सवार हो सकते हैं।,अब तक बरेली हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ानों का परिचालन नहीं होता था और यह वायु सेना के एयरबेस की तरह इस्तेमाल होता था।
भारतीय वायु सेना ने वाणिज्यिक यात्री उड़ानों के परिचालन के लिए कुछ साल पहले भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) को जमीन सौंपी थी। अब वायु सेना और वाणिज्यिक परिचालन दोनों के लिए हवाई अड्डे का इस्तेमाल होगा।


Download Android App
Download iOS App



