प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को एक वीडियो लिंक द्वारा 17,500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास या उद्घाटन करेंगे। एक अधिकारी ने यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत, विकसित मध्य प्रदेश’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री डिजिटल तरीके से सिंचाई, बिजली, सड़क, रेल, जलापूर्ति, कोयला और उद्योग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे या राष्ट्र को समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी इस मौके पर मध्य प्रदेश में साइबर तहसील परियोजना भी शुरू करेंगे।
प्रधानमंत्री कई परियोजनाओं की आधारिशला रखेंगे
प्रधानमंत्री 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की सिंचाई परियोजनाओं की आधारिशला रखेंगे जिनमें ऊपरी नर्मदा परियोजना, राघवपुर बहुद्देश्यीय परियोजना और बासनिया बहुद्देश्यीय परियोजना शामिल हैं। मोदी उज्जैन शहर में भारतीय पंचांग या समय गणना प्रणाली पर आधारित विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का भी वर्चुअल तौर पर उद्घाटन करेंगे। आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि यह अपनी तरह की विश्व की पहली घड़ी है। विज्ञप्ति में कहा गया, समय गणना की भारतीय प्रणाली दुनिया की सबसे पुरानी, सूक्ष्म, शुद्ध, त्रुटि रहित, प्रामाणिक और विश्वसनीय प्रणाली है। इस सबसे विश्वसनीय प्रणाली को विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के रूप में उज्जैन में पुनः स्थापित किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



