प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) का दौरा करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को इस आशय की जानकारी दी।
कोविड-19 का टीका विकसित करने के लिए एसआईआई वैश्विक दवा निर्माता एस्ट्राजेनेका और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी में काम कर रहा है।
केंद्रीय औषध मानक नियंत्रण संगठन ने पूर्व नैदानिक जांच, परीक्षण और विश्लेषण के लिये सात कंपनियों को कोविड-19 टीके के निर्माण की इजाजत दी है। इनमें से दो एसआईआई और जेन्नोवा बायोफार्मास्यूटिकल्स हैं।
पुणे के मंडलायुक्त सौरभ राव ने कहा, “हमें शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया आने की पुष्ट जानकारी प्राप्त हुई है।’’
उन्होंने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री शनिवार अपराह्न साढ़े 12 बजे पुणे हवाईअड्डे पहुंचेंगे। वह अपराह्न एक से दो बजे के बीच पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट में तय कार्यक्रम में भाग लेंगे। वहां वह कोविड-19 टीकों के उत्पादन और वितरण की प्रणाली की समीक्षा करेंगे।’’
प्रधानमंत्री की यात्रा से पहले एसपीजी (विशेष सुरक्षा समूह) की टीम शहर में पहुंच गयी है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रही है।
राव ने मंगलवार को कहा था कि प्रधानमंत्री के पुणे आने की संभावना है, और अगर ऐसा होगा तो इसका उद्देश्य कोरोना वायरस संक्रमण के टीके के निर्माण की स्थिति, उत्पादन और वितरण के तंत्र की समीक्षा करना होगा।
राव ने यह जानकारी भी दी थी कि चार दिसंबर को 100 से भी ज्यादा देशों के राजदूत और राजनयिक यहां एसआईआई और जेन्नोवा बायोफार्मास्यूटिकल्स का दौरा करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



