प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को छत्तीसगढ़ के कोरबा और भाटापारा में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। राज्य में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 16 अप्रैल को छत्तीसगढ़ में भाजपा की दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री की पहली चुनावी सभा दोपहर 11 बजे कोरबा में होगी।
वहीं अपराह्न 1.30 बजे प्रधानमंत्री भाटापारा में दूसरी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। कोरबा की सभा में कोरबा से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिनंद दुबे, सरगुजा से भाजपा प्रत्याशी रेणुका सिंह और रायगढ़ से भाजपा प्रत्याशी गोमती साय सहित भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी अनिल जैन, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, स्थानीय सांसद, विधायक और लोकसभा क्षेत्र के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
वहीं भाटापारा की सभा में रायपुर से भाजपा प्रत्याशी सुनिल सोनी, जांजगीर चांपा से गुहाराम अजगले और बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अरूण साव सहित पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विक्रम उसेंडी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव आयोग ने तीन चरणों में मतदान का फैसला किया है। पहले चरण में 11 अप्रैल को बस्तर लोकसभा सीट के लिए मतदान संपन्न हुआ है। वहीं दूसरे चरण में 18 अप्रैल को कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा सीट के लिए तथा तीसरे चरण में 23 अप्रैल को रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर चांपा, दुर्ग और सरगुजा लोकसभा सीट के लिए मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App




