21 फरवरी को पीएम मोदी करेंगे एसओयूएल लीडरशिप कॉन्क्लेव का उद्घाटन

Summary :

भूटान के PM दाशो शेरिंग तोबगे मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य भाषण देंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में एसओयूएल लीडरशिप कॉन्क्लेव के पहले संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वह उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम में भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य भाषण देंगे। दो दिवसीय एसओयूएल लीडरशिप कॉन्क्लेव एक प्रमुख मंच के रूप में काम करेगा, जहां राजनीति, खेल, कला और मीडिया, आध्यात्मिक दुनिया, सार्वजनिक नीति, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र जैसे विविध क्षेत्रों के नेता अपनी प्रेरक जीवन यात्राएं साझा करेंगे और नेतृत्व से संबंधित पहलुओं पर चर्चा करेंगे।

कॉन्क्लेव सहयोग और विचार नेतृत्व के एक पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देगा, जिससे युवाओं को विफलताओं और सफलताओं दोनों से सीखने का अवसर मिलेगा। स्कूल ऑफ अल्टीमेट लीडरशिप (एसओयूएल) गुजरात में एक संस्थान है, जो प्रामाणिक नेताओं को सार्वजनिक भलाई के लिए आगे बढ़ाने में सक्षम बनाता है। इसका उद्देश्य औपचारिक प्रशिक्षण के माध्यम से भारत में राजनीतिक नेतृत्व के परिदृश्य को व्यापक बनाना और उन लोगों को शामिल करना है जो केवल राजनीतिक वंश से नहीं बल्कि सार्वजनिक सेवा के लिए योग्यता, प्रतिबद्धता और जुनून के माध्यम से आगे बढ़ते हैं। एसओयूएल आज की दुनिया में नेतृत्व की जटिल चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक अंतर्दृष्टि, कौशल और विशेषज्ञता लाता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “मैं 21 और 22 फरवरी को नई दिल्ली में एसओयूएल लीडरशिप कॉन्क्लेव आयोजित करने के लिए स्कूल ऑफ अल्टीमेट लीडरशिप को बधाई देता हूं। यह मंच नेतृत्व से संबंधित पहलुओं पर चर्चा करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक साथ लाता है। वक्ता अपनी प्रेरणादायी जीवन यात्रा और प्रमुख मुद्दों पर अपने दृष्टिकोण साझा करेंगे, जो विशेष रूप से युवा दर्शकों को आकर्षित करेगा। मैं भी शुक्रवार 21 फरवरी को सम्मेलन में शामिल होने जा रहा हूं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.