समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगरा दौरे पर तंज करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि देश के प्रधान सेवक ताजमहल से प्रेम-मोहब्बत का पाठ सीखकर जाएंगे। अखिलेश ने ‘ट्वीट‘ किया ‘‘उम्मीद है, देश के प्रधान सेवक ताज महल से प्रेम-मोहब्बत का पाठ सीखकर जाएंगे।
‘‘उन्होंने आलू तथा गन्ना उत्पादक किसानों का जिक्र करते हुए कहा ‘‘दिल्ली से उत्तर प्रदेश इतना दूर कभी ना था कि उसके बदहाल किसानों और व्यापारियों की खबर देश के सिरमौर को ना हो।‘‘ गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी आज ताज नगरी आगरा में 2980 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण करने के साथ-साथ एक जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे।
अखिलेश यादव का यह ट्वीट ऐसे समय में आया है जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) उत्तर प्रदेश में हुए खनन घोटाले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर जांच में जुटी है और इस जांच में अखिलेश यादव द्वारा लोगों को फायदा पहुंचाने का उन पर आरोप है। सीबीआई ने सोमवार को कहा था कि समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने बतौर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री 2013 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेशों के विरुद्ध हमीरपुर जिले में 14 लोगों को पट्टे प्रदान किए। सीबीआई के सूत्रों ने अखिलेश यादव द्वारा जारी 22 पट्टों की सूची जारी की। अखिलेश यादव के पास उस समय खनन मंत्रालय का भी जिम्मा था।


Download Android App
Download iOS App




